कन्नौज के इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक के छात्र ने लगाई फांसी

रविवार दिल्ली नेटवर्क

कन्नौज : कन्नौज जिले में बुधवार को तिर्वा के राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक के एक छात्र का फांसी के फंदे से लटकता हुआ शव मिलने से हड़कंप मच गया। हरदोई जिले के मल्लावां क्षेत्र के भवन खेड़ा गांव अश्वनी कुमार तिर्वा के राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में बी टेक फाइनल का छात्र था। कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रहा अश्वनी बीते चार वर्षों से उपरोक्त कॉलेज में अध्यनरत था। बीते मंगलवार को रोजाना कि तरह कॉलेज के मेस में खाना खाने के बाद वह हॉस्टल के कमरे में सोने चला गया। बुधवार की सुबह भी अश्वनी पर किसी की नजर नहीं पड़ी। सुबह कॉलेज में क्लास शुरू होने के दौरान जहां अन्य छात्र क्लास में पहुंचे, वहीं अश्वनी नहीं पहुंचा। क्लास के अन्य छात्रों में अश्वनी के ना आने की चर्चा शुरू हुई तो छात्र अश्वनी के कमरे में जा पहुंचे। यहां खिड़की से झांक कर देखा तो सभी के होश उड़ गये।

कॉलेज प्रशासन के अलावा मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को भी दी गई। जिसके बाद कॉलेज स्टॉफ के अलावा कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। दरवाजे को तोड़ कर फांसी के फंदे से झूल रहे अश्वनी को नीचे उतारा गया। एंबुलेंस की सहायता से अश्वनी को तिर्वा मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां डाक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। अश्वनी की मौत पर परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। कोतवाली पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।