दीपक कुमार त्यागी
गाज़ियाबाद : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने रविवार को कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को पूर्ण निष्ठा और सक्रियता के साथ जुटकर सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने तथा बोगस नाम हटवाने का कार्य प्राथमिकता से करना है।
वे बीएलए-1, मंडल अध्यक्षों एवं मॉनिटरिंग टीम की जिला और महानगर की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे। यह बैठक इंदिरापुरम स्थित रॉयल पार्क फार्म हाउस में आयोजित की गई।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया लोकतांत्रिक जागरूकता का व्यापक अभियान है, जिसमें यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे और कोई भी फर्जी नाम सूची में न बना रहे। उन्होंने बताया कि जिला व विधानसभा स्तर पर वॉर रूम तैयार किए गए हैं, जो प्रदेश स्तर के वॉर रूम से तकनीकी रूप से जुड़े रहेंगे।
उन्होंने कहा कि संगठनात्मक तालमेल और सतत तकनीकी निगरानी से यह अभियान जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुँचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विधानसभा स्तर पर बीएलए-1 और बूथ स्तर पर बीएलए-2 को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना है। इनके साथ नियुक्त बूथ प्रवासी भी रणनीतिक भूमिका निभाएँगे। सभी मिलकर बूथ अध्यक्ष के साथ तालमेल बनाते हुए बूथ स्तर पर सत्यापन, संपर्क और सूचनाओं के आदान-प्रदान की प्रक्रिया को तेज़ी और गंभीरता के साथ आगे बढ़ाएँगे।
उन्होंने कहा कि इस सुव्यवस्थित व्यवस्था से अभियान को गति, विश्वसनीयता और पूर्ण पारदर्शिता प्राप्त होगी।
क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मतदाता पुनरीक्षण लोकतांत्रिक मजबूती का अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि “कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि इस अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि मतदाता सूची पूर्णतः प्रमाणित, सत्यापित और त्रुटिहीन तैयार हो सके। प्रमाणित मतदाता सूची मजबूत लोकतंत्र की बुनियाद है।”
उन्होंने बताया कि बूथ स्तर पर सूक्ष्मता और जिम्मेदारी के साथ किया गया सत्यापन आगामी चुनावों में भाजपा की संगठनात्मक ताकत को और अधिक मजबूत करेगा।
बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, सदर विधायक संज़ीव शर्मा, तथा मोदीनगर विधायक मंजू शिवाच मंचासीन रहे। संयुक्त जिला-महानगर बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।





