श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) ने श्याम लाल हॉकी खिताब बरकरार रखा

Shyam Lal College (Morning) retains Shyam Lal Hockey title

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : मेजबान श्याम लाल कॉलेज ने 12वें पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट में पुरुष वर्ग का खिताब बरकरार रखा। श्याम लाल कॉलेज ने इंदिरा गाँधी इंस्टीट्यूट ऑफ़ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस को सोमवार को फाइनल में 5-2 से शिकस्त दी। विजेता श्याम लाल कॉलेज के आशीष सहरावत ने प्लेयर ऑफ द‘ टूर्नामेंट रहे।

फाइनल में विजेता श्याम लाल कॉलेज के लिए आशीष सहरावत ने दो गोल किए जबकि हंस शर्मा, नंद किशोर और फरमान ने एक-एक गोल दागा। पराजित इंदिरा गाँधी इंस्टीट्यूट ऑफ़ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस टीम के शेषनाथ और पुलकित ही एक-एक गोल कर पाए।

फाइनल मैच के मुख्य अतिथि श्री जितेंद्र महाजन, एम एल ए, रोहतास नगर, श्री रितेश सूजी, पार्षद, वेलकम वार्ड, श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) के प्रिंसिपल प्रो. रबि नारायण कर ने खिलाडियों को पुरस्कार प्रदान किए। महाजन ने खिलाडियों को हॉकी में मेहनत कर नई ऊंचाइयों को छूने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि “श्याम लाल कॉलेज में हॉकी की 40 साल पुरानी परंपरा रही है। मैं भी यहीं का छात्र रहा हूँ। जब हॉकी का मैच यूनिवर्सिटी में होता था तो तीन यू स्पेशल बसें समर्थकों से भर कर जातीं थी। वी एस जग्गी को मैंने छात्र के रूप में खेलते भी देखा है और अब वह बच्चों को बढ़ावा दे रहे हैं।”

प्रिंसिपल प्रो. रबि नारायण कर ने सभी अतिथियों का धन्यवाद करते हुए खिलाडियों को बधाई दी और वी एस जग्गी को बेहतरीन आयोजन के लिए सराहा और उम्मीद जताई कि खिलाडी इसी तरह मेहनत करते रहेंगे।