टिहरी झील को ग्लोबल डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किए जाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाए जाने के निर्देश

Instructions for preparing an effective action plan to develop Tehri Lake as a global destination

रविवीर दिल्ली नेटवर्क

देहरादून : मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में पर्यटन विकास परिषद द्वारा टिहरी लेक प्रोजेक्ट के तहत सतत् समावेशी अनुकूल जलवायु आधारित पर्यटन विकास योजनाओं की समीक्षा की।

इस दौरान मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि टिहरी लेक को ग्लोबल डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किए जाने से संबंधित विषय को भारत सरकार को भेजे जाने वाले प्रस्ताव में शामिल किया जाए। उन्होंने टिहरी लेक का पूरा मास्टर प्लान तैयार करने के लिए अनुभवी कन्सलटेन्ट की नियुक्ति के साथ पर्यटन विभाग को इसी के दृष्टिगत अपनी कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा।

मुख्य सचिव ने टिहरी लेक के चारों ओर रिंग रोड तैयार करने की कार्ययोजना में तेजी लाए जाने, टिहरी लेक में प्रस्तावित सी प्लान योजना के साथ रिंग रोड पर कम से कम दो हेलीपैड बनाए जाने के संबंध में भी निर्देश जारी किए। इसके लिए उन्होंने सभी से समन्वय कर योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि टिहरी लेक को ग्लोबल डेस्टिनेशन के रूप में पहचान दिलाने के लिए आवश्यक है कि यहां पर विश्व स्तरीय अवस्थापना सुविधाओं का विकास हो । उन्होंने लोक निर्माण विभाग को रिंग रोड के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके निर्माण से अन्य अवस्थापना सुविधाओं के विकास में भी तेजी आ सकेगी। मुख्य सचिव ने ऋषिकेश मुनि की रेती तथा लोहाघाट चम्पावत के पर्यटन विकास से संबंधित योजनाओं के प्रस्ताव भी शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए । ताकि सभी प्रस्तावों को मास्टर प्लान के साथ समयान्तर्गत भारत सरकार को प्रेषित किया जा सके।

बैठक में सचिव श्री दिलीप जावलकर, श्री श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव श्री अभिषेक रोहेला, श्री गिरधारी सिंह रावत एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।