कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने सुनी ओल्ड एज होम में वृद्धजनों की समस्याएं

Cabinet Minister Rekha Arya listened to the problems of the elderly in the old age home

रविवार दिल्ली नेटवर्क

देहरादून : कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्य ने डालनवाला स्थित प्रेम धाम और अम्बीवाला स्थित मां गौरी ओल्ड एज होम का दौरा किया। उन्होंने वहां रहने वाली माताओं से उनके अनुभव, दिनचर्या, समस्याओं, भावनाओं और उ आवश्यकताओं को जाना व समझा। उन्होंने बताया कि कुछ वृद्धजनों ने यह सुझाव दिया कि उन्हें वृद्धावस्था के कारण बार-बार चिकित्सा की जरूरत पड़ती है और उन्हें अस्पताल लाने-ले जाने के लिए किसी सहयोगी की जरूरत है। एक सुझाव यह भी आया कि ग्राम पंचायत स्तर पर ओल्ड एज केयर होम बनाए जाएं जहां गांव के सभी बड़े-बूढे इकट्ठा होकर अपने सुख दुख के सहभागी बन सके और भावनात्मक रूप से संबल प्राप्त कर सके। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मैंने विभाग के अधिकारियों से कहा कि इस विचार का परीक्षण कर जो भी उचित कार्रवाई की जा सकती है उसे आगे बढ़ाया जाए तथा चिकित्सा संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु विभाग के अधिकारियों से इसकी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि साथ ही हमारा प्रयास होगा कि इन जगहों पर रहने वाली महिलाओं को कुछ रचनात्मक गतिविधियों में सम्मिलित किया जाए जिससे कि वह अपनी अप्रिय स्मृतियों से दूर रह सके। मैंने महिलाओं को आगामी महिला दिवस पर होने वाले सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया है।

श्रीमती आर्य ने कहा कि महिलाओं से मिले सभी सुझावों पर हम गंभीरतापूर्वक विचार विमर्श करके निश्चित रूप से जल्द ही एक योजना लाएंगे, जिसमें 60 वर्ष से अधिक अवस्था वाले सभी लोगों की आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाएगा।