डीएम अतुल वत्स के निर्देश पर सासनी में खाद माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

On the instructions of DM Atul Vats, major action was taken against the fertilizer mafia in Sasni

आगरा-अलीगढ़ रोड पर पकड़ा गया सरकारी खाद का अवैध जखीरा

पंकज शर्मा

सासनी (हाथरस): जिलाधिकारी अतुल वत्स को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर आज आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे (NH 93) पर स्थित TVS एजेंसी के निकट खाद के एक बड़े अवैध काले कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। जिलाधिकारी के कड़े रुख के बाद मुख्य विकास अधिकारी (CDO) पी.एम. दीक्षित के मार्गदर्शन में उप-जिलाधिकारी (SDM) सासनी नीरज शर्मा ने पूरी टीम के साथ ‘चौधरी बिल्डिंग मटेरियल’ नामक स्थान पर औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर सरकारी खाद (यूरिया) को इंडस्ट्रियल उपयोग के लिए उतारते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया, जो सीधे तौर पर किसानों के हक पर डाका डालने जैसा कृत्य है। छापेमारी के समय एसडीएम नीरज शर्मा ने पाया कि लगभग 50 क्विंटल यूरिया के साथ भारी मात्रा में पोटाश और डीएपी का अवैध भंडारण किया गया था, जिसका कोई भी वैध दस्तावेज संचालक के पास मौजूद नहीं था।

पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि यह अवैध खेल पिछले काफी समय से संचालित किया जा रहा था, लेकिन संचालक प्रशासन के सवालों का कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर मौजूद पूरी सामग्री की इन्वेंट्री तैयार कर ली है और अब गोदाम को सील करने के साथ-साथ दोषियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने स्पष्ट संदेश दिया है कि किसानों के लिए सब्सिडी पर आने वाले खाद का औद्योगिक दुरुपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाकर सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिस ट्रक के माध्यम से खाद की तस्करी की जा रही थी, उसे भी ट्रैक कर लिया गया है ताकि इस संगठित अपराध की जड़ों तक पहुँचा जा।