प्रमोद भार्गव को मिलेगा सूरतगढ़ में लक्ष्मणराम सेवटा स्मृति कथा सम्मान

Pramod Bhargava will receive Laxmanram Sevata Memorial Katha Award in Suratgarh

रविवार दिल्ली नेटवर्क

शिवपुरी : भाषा, साहित्य, संस्कृति, कला एवं सामाजिक जागरण को समर्पित संस्था विविधा, सूरतगढ़ राजस्थान की ओर से प्रतिवर्ष दिए जाने वाले सम्मानों की घोषणा की गई है। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष डॉ एनके सोमानी ने बताया कि साल 2024-25 के लिए स्व. श्री लक्ष्मण राम सेवटा स्मृति कथा सम्मान प्रमोद भार्गव (शिवपुरी मध्यप्रदेश) को उनके कथा संग्रह ‘प्रमोद भार्गव की चुनिंदा कहानियां’ पर दिया जाएगा।प्रमोद को हाल ही में इसी कथा संग्रह पर महाराष्ट्र के नासिक में विद्योतमा सम्मान भी मिला है।मार्च के अंत में राजस्थान के सूरतगढ़ में भव्य समारोह में इस सम्मान के अंतर्गत 11,000 हजार की राशि,स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र शॉल और श्रीफल भेंट लिए जाएंगे।

प्रमोद भार्गव के अलावा कृष्णा देवी कामरा स्मृति हिंदी कविता सम्मान डॉ प्रभा मुजुमदार (गुजरात) को उनके कविता संग्रह ‘नकारती हूं निर्वासन’ पर दिए जाने का निर्णय लिया गया है। राजस्थानी कविता के क्षेत्र में दिया जाने वाला श्रीमती गोपी देवी चांडक स्मृति सम्मान चांदकौर जोशी (जोधपुर )को उनके कविता संग्रह ‘बिलखता बादल’ को, जुगल किशोर सोमानी स्मृति व्यंग पुरस्कार वरिष्ठ व्यंगकार अखिलेश श्रीवास्तव (लखनऊ) को उनके व्यंग्य संग्रह ‘दफ्तरनामा’पर दिया जाएगा। उपन्यास के क्षेत्र में दिया जाने वाला भेरूदान सोमानी स्मृति उपन्यास पुरस्कार अलंकार रस्तोगी (लखनऊ) को उनके उपन्यास ‘पंडित भया न कोई’ तथा अर्जुन राम सुथार स्मृति प्रथम प्रकाशित पुस्तक पुरस्कार डॉ नेहल शाह(भोपाल) को उनकी पहली कविता पुस्तक ‘और इन सब के बीच’ पर दिया जाएगा । संस्था के सचिव संजय कामरा ने चयनित साहित्यकारों को बधाई दी और कहा कि सभी साहित्यकारों को मार्च माह के अंत तक आयोजित होने वाले भव्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।