- संग्राम सिंह बोले—शुद्ध खाना ही असली ताकत, मुंबई में लॉन्च हुआ ‘गिर वेजिज’
- फाइटर संग्राम सिंह का नया मिशन: लोगों तक पहुंचे केमिकल-फ्री खाना
मुंबई (अनिल बेदाग) : आज के समय में जब बाजार में मिलने वाले फल-सब्जियों और खाद्य पदार्थों में मिलावट तथा रासायनिक कीटनाशकों का खतरा लगातार बढ़ रहा है, तब शुद्ध और प्राकृतिक भोजन की तलाश हर व्यक्ति की प्राथमिकता बनती जा रही है। इसी चिंता को समझते हुए गुजरात के किसान-उद्यमी शैलेश जारिया ने मुंबई में अपने ऑर्गेनिक ब्रांड ‘गिर वेजिज’ की शुरुआत की है।
इस खास मौके पर भारतीय एमएमए फाइटर और अभिनेता संग्राम सिंह भी मौजूद रहे, जिन्हें इस ब्रांड का एम्बेसडर बनाया गया है। मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस पहल को सिर्फ एक व्यवसाय नहीं बल्कि लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ी जिम्मेदारी के रूप में पेश किया गया।
मिलावटी खाने की चिंता से जन्मा विचार
शैलेश जारिया ने बताया कि आज कैंसर, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और हार्ट अटैक जैसी गंभीर बीमारियों के पीछे कई कारण हैं, जिनमें मिलावटी और केमिकल युक्त खाद्य पदार्थ भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा, “जब भी मैं बाजार से फल-सब्जियां खरीदता था, तो मन में एक सवाल उठता था कि क्या हम खाना खरीद रहे हैं या धीरे-धीरे असर करने वाला ज़हर? इसी सोच ने मुझे ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने की प्रेरणा दी।” यही सोच आगे चलकर ‘गिर वेजिज’ ब्रांड की नींव बनी, जिसका उद्देश्य लोगों तक शुद्ध और प्राकृतिक भोजन पहुंचाना है। यह ऑर्गेनिक खेती गुजरात के जूनागढ़ जिले के अमरापुर गिर गांव में स्थित ‘शैलेशभाई नी वाड़ी’ फार्म में की जा रही है। यहां पूरी तरह प्राकृतिक तरीकों से खेती की जाती है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य है कि उत्पाद सीधे खेत से उपभोक्ता के घर तक पहुंचें, जिससे उनकी ताजगी और गुणवत्ता बरकरार रहे।
भारतीय एमएमए फाइटर संग्राम सिंह ने इस पहल की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आज की तेज रफ्तार शहरी जिंदगी में लोग प्राकृतिक भोजन से दूर होते जा रहे हैं।
उन्होंने याद करते हुए कहा, “बचपन में हम पेड़ों से सीधे फल तोड़कर खाते थे। शहरों में अब वह अनुभव लगभग खत्म हो गया है। जब शैलेश जारिया ने मुझे अपने ऑर्गेनिक फार्म के बारे में बताया और खेत से सीधे घरों तक ताजे फल-सब्जियां पहुंचाने का आइडिया साझा किया, तो मुझे यह पहल बेहद सकारात्मक लगी।” संग्राम सिंह ने यह भी बताया कि उन्होंने खुद फार्म के फल चखकर देखे हैं और उनकी गुणवत्ता बेहद बेहतरीन है।
अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की तैयारी भी जारी
ऑर्गेनिक ब्रांड लॉन्च के साथ-साथ संग्राम सिंह अपने खेल करियर को लेकर भी सुर्खियों में हैं। वह 5 अप्रैल 2026 को अर्जेंटीना में ‘समुराई फाइट लीग’ के तहत एक अंतरराष्ट्रीय MMA मुकाबले में उतरने वाले हैं, जहां उनका सामना फ्रांस के एक प्रतिद्वंद्वी से होगा।
‘गिर वेजिज’ के तहत शुरुआत में मुंबई के कांदिवली, बोरीवली, दहिसर और मालाड क्षेत्रों में हफ्ते में दो बार ऑर्गेनिक फल-सब्जियों की डिलीवरी की जाएगी। कंपनी का लक्ष्य सिर्फ व्यापार नहीं, बल्कि किसानों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा संबंध बनाना है, ताकि लोगों तक शुद्ध, ताजा और केमिकल-फ्री खाद्य उत्पाद पहुंच सकें।





