ओ पी उनियाल
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश में अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव-2026 का शुभारंभ करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की यह पावन धरती प्राचीन काल से ही योग और अध्यात्म की भूमि रही है। यहां की पवित्र नदियां, शांत वातावरण और शुद्ध जलवायु योग साधना के लिए विश्व में एक आदर्श वातावरण प्रदान करती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा देश की पहली योग नीति–2025 लागू की गई है, जिसके माध्यम से उत्तराखंड में योग एवं ध्यान केंद्रों की स्थापना के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। साथ ही योग, ध्यान एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए भी अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 300 आयुष्मान आरोग्य केंद्र और 62 वेलनेस सेंटर की स्थापना की गई है। इसके साथ ही प्रत्येक जनपद में आयुष चिकित्सालय भी संचालित किए जा रहे हैं।





