मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात

Chief Minister Bhajan Lal Sharma met the Speaker of the Lok Sabha and Union Ministers in New Delhi

राजस्थान को रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम से जोड़ने और जयपुर एयरपोर्ट पर नए स्टेट टर्मिनल भवन के निर्माण पर हुई चर्चा

रविवार दिल्ली नेटवर्क

नई दिल्ली : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को अपने नई दिल्ली दौरा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर एवं केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से भेंट की ।

मुख्यमंत्री शर्मा ने केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कर प्रदेश में ऊर्जा और शहरी नियोजन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की। इस दौरान विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्यों के क्रम में हरित ऊर्जा के विस्तार और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण के साथ ही प्रदेश को रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम से जोड़ने की संभावनाओं पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री शर्मा ने केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से भेंट कर जयपुर एयरपोर्ट पर नए स्टेट टर्मिनल भवन के निर्माण, भरतपुर-डीग व सीकर-झुंझुनूं में नए हवाई अड्डों की संभावनाओं के अध्ययन तथा प्रदेश के प्रमुख पर्यटन शहरों में उड़ानों की निरंतरता बनाए रखने पर चर्चा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मानपुर (आबू राज) एवं बांसवाड़ा में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने तथा राज्य में नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में व्यापक विस्तार के संबंध में अनुरोध भी किया।