भगवान महावीर द्वारा प्रतिपादित सिद्धांत विश्व की वर्तमान परिस्थितियों में प्रासंगिक -विधानसभाध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी
जयपुर : महावीर जयंती के पावन अवसर पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
अपने संदेश में विधानसभाध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि भगवान महावीर का जीवन सत्य, अहिंसा, अपरिग्रह और करुणा के उच्च आदर्शों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर द्वारा प्रतिपादित सिद्धांत विश्व की वर्तमान परिस्थितियों में आज भी प्रासंगिक हैं, जब समाज को शांति,सहिष्णुता और नैतिक मूल्यों की अत्यंत आवश्यकता है।
विधानसभाध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि भगवान महावीर का संदेश ‘जियो और जीने दो’ मानवता के लिए एक सार्वभौमिक मार्गदर्शक मूल मंत्र है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इस पावन अवसर पर उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भावना को बढ़ावा दें।
विधानसभाध्यक्ष श्री देवनानी ने विश्वास व्यक्त किया कि महावीर जयंती का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आएगा तथा प्रदेश के विकास और सामाजिक सौहार्द को नई दिशा प्रदान करेगा।





