शकर पुर थाने की महिला SI और HC के ख़िलाफ़ FIR दर्ज, हवलदार गिरफ्तार

FIR lodged against woman SI and HC of Shakarpur police station, constable arrested

इंद्र वशिष्ठ

दिल्ली पुलिस के भ्रष्ट पुलिसकर्मियों के पकड़े जाने का सिलसिला जारी है। सीबीआई ने 6 अप्रैल को पूर्वी जिले के शकर पुर थाने के हवलदार राहुल को बीस हज़ार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

सीबीआई ने नोएडा निवासी एक महिला की शिकायत पर शकर पुर थाने में तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर रक्षा और हवलदार राहुल के ख़िलाफ़ 6 अप्रैल को आपराधिक साज़िश और भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया।

एफआईआर के अनुसार महिला का आरोप है कि उसके और उसके दोस्त के ख़िलाफ़ यौन उत्पीड़न आदि की धाराओं के तहत एक झूठी एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस मामले की आईओ सब-इंस्पेक्टर रक्षा और हवलदार राहुल दस मार्च को उसे उसके घर से उठा कर थाने लाए। सब-इंस्पेक्टर रक्षा और हवलदार राहुल ने एफआईआर से दोनों के नाम हटाने के लिए एक लाख रुपये रिश्वत मांगी।

महिला ने 3 अप्रैल को सीबीआई में शिकायत कर दी।

सीबीआई ने आरोपों के सत्यापन के बाद दोनों पुलिसकर्मियों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया। इसके बाद शिकायतकर्ता से थाने में ही रिश्वत लेते हुए हवलदार राहुल को गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार चरम पर-
सीबीआई ने 3 अप्रैल को बाहरी जिले के पश्चिम विहार (वेस्ट) थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर मनोज को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। बाहरी जिले में भ्रष्ट पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी का दो महीने में ये तीसरा मामला सामने आया है।

सब-इंस्पेक्टर मनोज ने गैर इरादतन हत्या के प्रयास/ झगड़े के मामले को रफा दफा करने के लिए 3 लाख रुपये रिश्वत मांगी। पश्चिम विहार (वेस्ट) थाने के एसएचओ देवेन्द्र सिंह को लाइन हाज़िर कर दिया गया।

इसके पहले सीबीआई ने 13 मार्च को बाहरी जिले के ही सुल्तान पुरी थाने में तैनात हवलदार राजेश और हवलदार अजय को सट्टेबाज से 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। इस मामले में सुल्तान पुरी थाने के एसएचओ रवींद्र कुमार को लाइन हाज़िर किया गया था। एक अन्य मामले में सीबीआई ने 7 फरवरी को इसी जिले के पश्चिम विहार(ईस्ट) थाने में तैनात एएसआई ओम प्रकाश को शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था।

सीबीआई ने 24 मार्च को कश्मीरी गेट बस अड्डे की पुलिस चौकी के इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर नीरज को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। सब-इंस्पेक्टर नीरज ने बोतल बंद पानी बेचने वाले शिकायतकर्ता से 33 हजार रुपये महीना/मंथली रिश्वत मांगी थी।दिल्ली पुलिस की विजिलेंस यूनिट ने 15 मार्च को गीता कालोनी थाने में तैनात एएसआई रोहतास को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। एएसआई ने शिकायतकर्ता को झूठे केस में फंसाने और केस में उसका बचाव करने की एवज में उससे रिश्वत मांगी थी।सीबीआई ने 10 फरवरी को दिल्ली पुलिस के चितरंजन पार्क थाने के एएसआई सुंदर पाल सिंह को दस लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।