राजनगर एक्सटेंशन – खस्ताहाल सड़क को बनवाने की मांग को लेकर निवासियों ने दिया धरना

Rajnagar Extension - Residents staged a protest demanding repair of the dilapidated road

दीपक कुमार त्यागी

वर्षों से देविका स्काईपर्स व वीवीआईपी सोसाइटी के सामने स्थित मुख्य सड़क की बेहाली पर निवासियों में आक्रोश

गाजियाबाद।‌ शहर की पॉश कॉलोनी राजनगर एक्सटेंशन में स्थित देविका स्काईपर्स सोसाइटी के सामने स्थित मुख्य सड़क की खस्ताहाल, जर्जर एवं खतरनाक स्थिति के विरोध में शासन प्रशासन तक अपनी आवाज़ पहुंचाने के लिए क्षेत्र की विभिन्न सोसाइटियों के निवासियों ने एकजुट होकर के 20 मई को धरना दिया। इस धरने में देविका स्काईपर्स सोसाइटी व वीवीआईपी एड्रेसेस सोसाइटी के निवासियों सहित आसपास की कई सोसाइटियों के नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए और शासन व प्रशासन के प्रति अपना गहरा रोष व्यक्त किया।

धरनारत लोगों ने कहा कि उक्त सड़क रोज़ाना हजारों निवासियों के दैनिक आवागमन का एक प्रमुख मार्ग है, किंतु लंबे समय से सड़क का एक बड़ा हिस्सा टूटा एवं क्षतिग्रस्त पड़ा हुआ है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि उक्त स्थल पर आयेदिन दुर्घटनाएँ होती रहती हैं तथा अनेक लोग घायल हो चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग एवं प्रशासन द्वारा अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

धरने पर बैठे निवासियों ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) से मांग की है कि—

▪️ उक्त सड़क का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए।
▪️ सड़क पर जलभराव एवं दुर्घटनाओं की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
▪️ भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट कहा है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन एवं संबंधित विभाग की होगी। लोगों ने कहा कि जीडीए क्षेत्र से विकास शुल्क के नाम पर बिल्डरों से भारी-भरकम धनराशि ले रहा है, वहीं नगर निगम भी हाऊस टैक्स वसूल रहा है, लोगों ने कहा कि “सुरक्षित सड़क हमारा अधिकार है”

धरने पर कई सोसाइटियों के निवासी उपस्थित रहे और भारी संख्या में महिला शक्ति की उपस्थिति रही।
जिसमें मुख्य रूप से अखिल भारतीय त्यागी ब्राह्मण सभा के राजनगर एक्सटेंशन इकाई के अध्यक्ष व समाजसेवी नितिन त्यागी, समाजसेवी अंकित त्यागी, राहुल त्यागी, नीरज, भारती, पुष्कर सिंह, सुनील श्रीवास्तव, आर बी वर्मा, काजल व ज्योति तोमर आदि सहित क्षेत्र के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।