दीपक कुमार त्यागी
- पुलिस के द्वारा 2 अभियुक्त एवं 1 अभियुक्ता गिरफ्तार, कब्जे से 2 किलोग्राम पीली धातु, 6.5 लाख रुपये नकद, (अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपये), 1 तमंचा व 6 कारतूस बरामद
- स्वाट टीम नगर जोन एवं थाना कविनगर पुलिस टीम के द्वारा तनिष्क शोरूम में करोड़ों की चोरी की घटना का किया गया अनावरण
गाजियाबाद : पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद में 12 जून 2026 को वादी रोहित अरोड़ा निवासी कालकाजी, नई दिल्ली, ने थाना कविनगर पर तहरीर देकर बताया कि उनके तनिष्क शोरूम पर कार्यरत नितिन वर्मा निवासी बुलाका पाड़ा, मोदीनगर, काजल निवासी मोदीनगर कमिश्नरेट गाजियाबाद तथा उसके एक अन्य अज्ञात साथी द्वारा शोरूम का ताला खोलकर आभूषण चोरी कर लिए गए हैं। उक्त सूचना के आधार पर थाना कविनगर पर तत्काल सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभकी गई।
उक्त सम्बन्ध में धवल जायसवाल, पुलिस उपायुक्त नगर / ट्रांस हिंडन ने बताया कि घटना के अनावरण हेतु कुल 5 टीमों का गठन किया गया। स्वाट टीम नगर जोन एवं थाना कविनगर पुलिस की टीम के द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, स्थानीय सूचना तंत्र तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर 16 जून 2026 को नितिन वर्मा निवासी बुलाका पाड़ा, मोदीनगर, थाना मोदीनगर, उम्र लगभग 24 वर्ष। संजय वर्मा निवासी बुलाका पाड़ा, मोदीनगर, थाना मोदीनगर, उम्र लगभग 52 वर्ष और काजल निवासी मोदीनगर कमिश्नरेट गाजियाबाद को साई फाटक, चिरंजीव विहार, चौकी अवंतिका क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उपरोक्त गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से लगभग 2 किलोग्राम पीली धातु (अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 10 लाख रुपये), 6.5 लाख रुपये नकद, 1 तमंचा 12 बोर एवं 6 कारतूस 12 बोर बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कविनगर सर्किल के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) सूर्यबली मौर्य ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त नितिन वर्मा ने पूछताछ में बताया कि अपने खर्चे व शौक मौज को पुरा करने के लिए शोरूम में रखे सोने के आभूषणों को देखकर उसके मन में चोरी करने का विचार आया। उसने इस संबंध में अपने पिता संजय वर्मा, अपनी महिला मित्र तथा दो अन्य साथियों से चर्चा की, जिसके बाद सभी ने मिलकर तनिष्क शोरूम से आभूषण चोरी करने की योजना बनाई। योजना के तहत 11 जून 2026 की शाम उसने शोरूम के समस्त स्टाफ को अपनी शादी तय होने की बात कहकर दावत दी। इस दौरान शोरूम की चाबी रखने वाले कैशियर गौतम राज को अधिक शराब पिलाई तथा उसे घर छोड़ने के बहाने उसके बैग से शोरूम के मुख्य द्वार की चाबियां चोरी कर लीं।
इसके बाद 12 जून 2026 को प्रातः लगभग 07:15 बजे वह अपने एक साथी के साथ शोरूम पहुंचा। उसने चाबी से ताला खोला और अंदर प्रवेश कर गया, जबकि उसका एक साथी बाहर निगरानी करता रहा। शोरूम से आभूषण चोरी करने के बाद वे सभी मौके से फरार हो गए।
बाद में चोरी किए गए आभूषणों का आपस में बंटवारा कर लिया गया। अभियुक्त ने बताया कि कुछ आभूषण राह चलते व्यक्तियों को बेच दिए गए थे तथा उनसे प्राप्त धनराशि पुलिस द्वारा बरामद कर ली गई है।
अभियुक्त संजय वर्मा एवं गिरफ्तार अभियुक्ता ने भी पूछताछ के दौरान नितिन वर्मा के कथनों की पुष्टि करते हुए बताया कि चोरी की योजना सभी ने मिलकर बनाई थी। उनके हिस्से में आए आभूषण भी पुलिस द्वारा बरामद कर लिए गए हैं। शेष आभूषणों को बेचने की फिराक में रहते समय वे पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिए गए। अभियुक्तों को गिरफ्तार बरामदगी करने वाली टीम स्वाट टीम, नगर जोन व थाना कविनगर थाने की पुलिस टीम रही।





