महेला जयवर्द्धने को जीएमआर स्पोटर्स ने क्रिकेट निदेशक नियुक्त किया

Mahela Jayawardene appointed as Director of Cricket by GMR Sports

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : श्रीलंका के पूर्व क्रिकेट कप्तान महेला जयवर्द्धने को दिल्ली कैपिटल्स की सह मालिक जीएमआर स्पोटर्स ने क्रिकेट निदेशक नियुक्त किया है। महेला जयवर्द्धने अब कैपिटल्स फ्रेंचाइजी सिस्टम के कामकाज को देखेंगे ,जिसमें जीएमआर स्पोटर्स की कुल और ज्यादातर हिस्सेदारी है। इसमें दुबई कैपिटल्स,एमएलसी में सिएटल ऑर्काज और द हंड्रेड में ब्रेव है। जीएमआर स्पोटर्स और जेएसडब्ल्यू आईपीएल और डब्ल्यूपीएल के सह मालिक हैं और ये दोनों मालिक वहां दो दो साल बारी वाली चक्रों में इसका कामकाज देखेंगे। इसका मतलब यह हुआ कि जेएसडब्ल्यू ग्रुप 2027 और 2028 में आईपीएल टीम दिल्ली कैपिटल्स का प्रबंधन देखेगा जबकि जीएमआर महिला टीम प्रबंधन संभालेगी। अब महेला जयवर्द्धने ऐसे में 2027 और 2028 में डब्ल्यूपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की महिला टीम को संभालेंगे।

जीमएमआर स्पोटर्स के अध्यक्ष किरण गांधी ने कहा,‘ हमारी दिल्ली कैपिटल्स की महिला प्रीमियर लीग में अग्रणी रही है। हमारी तमन्ना हमेशा से एक ऐसी टीम बनाने की रही है जो मैदान और उससे बाहर, दोनों ही जगह उंचे मानक स्थापित करे। अब जैसे जैसे महिला क्रिकेट आगे बढ़ रही है इसमें हमें अपनी क्रिकेट खेलने के तरीके को और मजबूत करने, पहले ही बनी नींव को और मजबूत कर ऐसी टीम बनाने का मौका दिख रहा है जो कि निरंतर खिताब के लिए अपनी चुनौती पेश कर सके। महेला की नियुक्ति से हमारी महिला क्रिकेट टीम में अनुभव के साथ रणनीतिक नेतृत्व का एक नया आयाम भी जु़ड़ता है। महेला की मॉर्डन क्रिकेट की समझ और प्रतिस्पर्द्धी टीमें तैयार करने का उनका अनुभव दिल्ली कैपिटल्स की महिला क्रिकेट को नए मुकाम तक ले जाने में मददगार रहेगा। हम महेला के योगदान को देखने को बेताब हैं क्योंकि हम दिल्ली कैपिटल्स को अपनी महिला फ्रेंचाइजी क्रिकेट की प्रमुख टीमों में से एक बनाने के अपने लक्ष्य को पाने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।’

महेला जयवर्द्धने 2026 आईपीएल के अंत तक मुंबई इंडियंस के साथ थे और इसके बाद दोनों के रास्ते अलग अलग हो गए। दिल्ली कैपिटल्स आखिरी टीम थी जिसके लिए महेला जयवर्द्धने 2012 और 2013 में आईपीएल में खेले थे। महेला जयवर्द्धने की नियुक्ति के साथ जीएमआर स्पोटर्स ने अब तक क्रिकेट निदेशक रहे वेणुगोापाल राव और गेंदबाजी कोच मुनफ पटेल से भी नाता तोड़ा लिया है। महेला जयवर्द्धने दिल्ली कैपिटल्स में पहली जिम्मेदारी यूएई में 21 नवंबर से शुरू होनी वाली आईएल टी 20 होगी। महेला के साथ उनके पूर्व साथी टेस्ट गेंदबाज लसित मलिंगा भी होंगे। मलिंगा को दुबई कैपिटल्स का तेज गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया।

जयवर्द्धने की दूसरी जिम्मेदारी भारत में 7 जनवरी से शुरू हो रही डब्ल्यूपीएल होगी जिसमें दिल्ली कैपिटल्स अभी तक सभी चारों सत्र में उपविजेता रही है। महेला जयवर्द्धने ने कहा, ‘ डब्ल्यूपीएल में दिल्ली कैपिटल् में क्रिकेट निदेशक की भूमिका संभाल कर मुझे बहुत खुशी हो रही है। डब्ल्यूपीएल में महिला क्रिकेट के भविष्य को बेहतर करने की असीम संभावनाएं है। मैं दिल्ली कैपिटल्स के लिए डब्ल्यूपीएल में बेहतरीन क्रिकेटरों के समूह व सपोर्ट टीम के साथ जुड़ने को बेताब हूं। मेरे पासबतौर टीम एक मजबूत पहचान और महिला क्रिकेट के भविष्य के लिए एक खास विजन है।