राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने लिए शिक्षा सुधार के गुर

Bihar Education Minister Mithilesh Tiwari took education reform tips from Rajasthan Assembly Speaker Vasudev Devnani

  • देवनानी बोले- शिक्षा में बढ़ाओं गुणवत्ता और पाठ्यक्रम में राष्ट्रीय महापुरुषों के जीवन प्रसंगों को शामिल करें
  • शिक्षा सुधारों के मार्गदर्शक हैं स्पीकरवासुदेव देवनानी- मिथिलेश तिवारी

रविवार दिल्ली नेटवर्क

जयपुर : राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से सोमवार को यहां राजस्थान विधानसभा में बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति तथा राज्यों के बीच श्रेष्ठ अनुभवों पर विस्तृत चर्चा हुई।

शिक्षा मंत्री के रूप में देवनानी ने किए गुणात्मक सुधार

देवनानी ने वर्ष 2013 से 2018 तक शिक्षा मंत्री के रूप में राजस्थान की शिक्षा व्यवस्था में किए गए गुणात्मक सुधारों एवं ऐतिहासिक नवाचारों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षा में तकनीक, पारदर्शिता, संस्कार और गुणवत्ता को केंद्र में रखकर अनेक दूरदर्शी निर्णय लिए गए, जिन्होंने राजस्थान की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, चरित्र निर्माण और भविष्य निर्माण का सबसे सशक्त आधार है।

शिक्षा में राष्ट्रीय महापुरुषों के जीवन प्रसंग हो शामिल

स्पीकर देवनानी ने शाला दर्पण, शाला दर्शन, राज ई-ज्ञान पोर्टल, छात्रवृत्ति पोर्टल, आटीई पोर्टल, निजी विद्यालय पोर्टल, डिजिटल साक्षरता, शिक्षा समाधान पोर्टल, निःशुल्क प्रवेश, फीस पुनर्भरण, अंग्रेजी में डिजिटल पाठ्य सामग्री, कम्प्यूटर प्रशिक्षण, ऑनलाइन छात्रवृत्ति, आदर्श एवं उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना, देवभाषा संस्कृत को यथोचित स्थान, पाठ्यक्रम में राष्ट्रीय गौरव, स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल, विद्यालयों का क्रमोन्नयन, शिक्षक भर्ती में पारदर्शी काउंसलिंग व्यवस्था, स्टाफिंग पैटर्न का वैज्ञानिक निर्धारण, विद्यालयों में योग एवं सूर्य नमस्कार तथा पाठ्यक्रम में राष्ट्रीय महापुरुषों के जीवन प्रसंगों को शामिल करने जैसे अनेक नवाचारों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किए गए ये सुधार आज भी देश के अनेक राज्यों के लिए प्रेरणा का विषय हैं।

देवनानी की शिक्षा सुधार के सूत्र, देशभर के लिए उपयोगी

बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि शिक्षा सुधारों के क्षेत्र में वासुदेव देवनानी एक मार्गदर्शक व्यक्तित्व हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री रहते हुए राजस्थान में किए गए नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुभव और शिक्षा सुधारों के सूत्र देशभर के लिए उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार भी राजस्थान के कोचिंग विधेयक का अध्ययन कर उसी तर्ज पर बिहार में भी ऐसा ही विधेयक लाने की दिशा में कार्य कर रही है।

देवनानी से बिहार के शिक्षा मंत्री ने लिया शिक्षा सुधारों का मार्गदर्शन

तिवारी ने कहा कि देवनानी के शिक्षा सुधारों की सोच, दूरदृष्टि और प्रशासनिक अनुभव से उन्हें महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि इस संवाद से प्राप्त सुझावों और अनुभवों को बिहार की शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने में उपयोग किया जाएगा। इस अवसर पर दोनों के बीच विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, मूल्यपरक शिक्षा, भारतीय ज्ञान परंपरा, तकनीक आधारित शिक्षण व्यवस्था तथा शिक्षा में नवाचारों को बढ़ावा देने पर भी विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। यह भेंट शिक्षा सुधारों के अनुभव, दृष्टि और मार्गदर्शन के सार्थक आदान-प्रदान का प्रेरणादायी अवसर बनी।