मोहित त्यागी
- जयंत चौधरी की दूरदर्शी सोच और नीति को ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का कार्य कर रही है – कविता तोमर
- राष्ट्रीय लोकदल को मजबूत बनाने के लिए के.सी. त्यागी का मार्गदर्शन लिया – कविता तोमर
नई दिल्ली : राष्ट्रीय लोकदल के खेल प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष कविता तोमर ने राष्ट्रीय लोकदल के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद के.सी. त्यागी के नई दिल्ली स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुए के. सी. त्यागी से महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया।
बैठक में संगठन विस्तार, युवाओं की भागीदारी, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। राष्ट्रीय लोकदल को गांव-गांव और बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। खेल प्रकोष्ठ के माध्यम से युवाओं को संगठन से जोड़ने की रणनीति पर विचार किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर सहमति बनी। खिलाड़ियों को बेहतर अवसर, प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए खेल गतिविधियों का विस्तार करने पर जोर दिया गया।
बैठक में के.सी. त्यागी ने संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
वहीं कविता तोमर ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह खेल और खिलाड़ियों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि चौधरी जयंत सिंह अपनी संपूर्ण सांसद निधि खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए समर्पित कर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। यह निर्णय युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और खेल संस्कृति को नई दिशा देने वाला है। कविता तोमर ने कहा कि वह राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह की इसी दूरदर्शी सोच और नीति को आगे बढ़ाते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने, खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पूरे देश में व्यापक अभियान चलाएंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि खेल प्रकोष्ठ संगठन की विचारधारा के साथ-साथ खेलों के माध्यम से युवाओं को जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगा और राष्ट्रीय लोकदल को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।अंत में कविता तोमर ने के.सी. त्यागी का मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने पर उनका आभार व्यक्त किया तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।





