गढ़वाल पोस्ट के 30 वर्ष पूर्ण होने पर उत्तराखण्ड की 70 प्रेरक हस्तियों पर विशेषांक प्रकाशित

A special issue featuring 70 inspiring personalities from Uttarakhand has been published to mark the completion of 30 years of the *Garhwal Post*

रविवार दिल्ली नेटवर्क

देहरादून : उत्तराखण्ड के अग्रणी अंग्रेज़ी दैनिक समाचार पत्र गढ़वाल पोस्ट ने 2 जुलाई, 2026 को अपने प्रकाशन के सफलतापूर्वक 30 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक अवसर को स्मरणीय बनाने के लिए समाचार पत्र ने एक विशेष स्मारिका-सह-परिशिष्ट प्रकाशित किया है, जिसमें उसके तीन दशकों के गौरवशाली सफर के साथ निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनपक्षधर पत्रकारिता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया है।

इस विशेषांक का प्रमुख आकर्षण उत्तराखण्ड से गहरा जुड़ाव रखने वाली 70 सर्वाधिक प्रभावशाली जीवंत विभूतियों पर आधारित विशेष फीचर है। इन सभी व्यक्तित्वों ने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देकर उत्तराखण्ड के सामाजिक, सांस्कृतिक, बौद्धिक और विकासात्मक परिदृश्य को समृद्ध किया है तथा आज भी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर समाज का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

विशेषांक में राजनीति, सुशासन एवं समाजसेवा, उद्योग एवं व्यापार, शिक्षा, रक्षा एवं राष्ट्रीय सुरक्षा, फिल्म, कला एवं साहित्य, संगीत एवं लोककला, विज्ञान, खेल, पर्यावरण तथा प्रशासन जैसे विविध क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों को स्थान दिया गया है। इनमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, पूर्व चीफ ऑफ डिफेन्स स्टाफ जनरल (सेवानिवृत्त) अनिल चौहान, प्रख्यात कवि एवं मीडिया व्यक्तित्व प्रसून जोशी, पर्यावरणविद् चंडी प्रसाद भट्ट, उद्योगपति एवं समाजसेवी डॉ. एस. फारूक तथा विजय कुमार धवन, सुप्रसिद्ध लेखक रस्किन बॉन्ड एवं स्टीफन ऑल्टर, पर्वतारोही बचेन्द्री पाल एवं हर्षवंती बिष्ट, लोकगायक एवं कवि नरेंद्र सिंह नेगी तथा प्रीतम भरतवाण, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी ऋषभ पंत एवं स्नेह राणा तथा अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह और हिमानी शिवपुरी सहित अनेक प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं।

इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़वाल पोस्ट और उसकी पूरी टीम को प्रकाशन के 30 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। अपने संदेशों में उन्होंने समाचार पत्र द्वारा पत्रकारिता के उच्च आदर्शों के निर्वहन की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गढ़वाल पोस्ट के संपादक एवं प्रकाशक सतीश शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय समाचार पत्र के सम्पूर्ण संपादकीय एवं कर्मचारी दल, नियमित स्तंभकारों, विज्ञापनदाताओं तथा सबसे बढ़कर अपने पाठकों को दिया, जिनके निरंतर विश्वास और सहयोग से यह यात्रा संभव हो सकी। उन्होंने कहा कि गढ़वाल पोस्ट भविष्य में भी पत्रकारिता के उच्चतम मूल्यों, निष्पक्षता और जनहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पूरी निष्ठा के साथ बनाए रखेगा।