दीपक कुमार त्यागी
गाजियाबाद के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल सहित विभाग के कई अन्य जांबाजों का प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया उत्साहवर्धन
गाजियाबाद : पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) केशव चौधरी द्वारा जनपद में घटित विभिन्न भीषण अग्निकांड एवं रेस्क्यू अभियानों के दौरान प्रदर्शित साहस, उत्कृष्ट कार्यकुशलता, तत्परता एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए अग्निशमन एवं आपात सेवा, कमिश्नरेट गाजियाबाद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया। उक्त घटनाओं के दौरान अग्निशमन अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अत्यधिक ताप, विकराल आग की लपटों तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच अदम्य साहस, धैर्य एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए आग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया। साथ ही आग को आसपास के क्षेत्र एवं अन्य परिसरों तक फैलने से रोकते हुए समयबद्ध कार्रवाई कर उस पर पूर्णतः काबू पाया, जिससे संभावित जन-धन की बड़ी हानि टाली जा गई है।
जिसको देखते हुए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) केशव चौधरी ने अग्निशमन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साहस, अनुशासन, समर्पण तथा कर्तव्यपरायणता की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी अग्निशमन एवं आपात सेवा के अधिकारी एवं कर्मचारी इसी निष्ठा, दक्षता एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनसुरक्षा के प्रति महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।
साथ ही अग्निशमन तथा आपात सेवा कमिश्नरेट गाजियाबाद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा निरंतर उत्कृष्ट सेवा के लिए शुभकामनाएँ प्रदान की गईं।





