उत्तराखंड देश का पहला ‘अग्निवीर रोजगार सेल’ स्थापित करेगा : मुख्यमंत्री

Uttarakhand to set up the country's first 'Agniveer Employment Cell': Chief Minister

रविवार दिल्ली नेटवर्क

देहरादून : कुआंवाला (डोईवाला) में आयोजित ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्निवीर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं से आत्मीय संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड देश का पहला राज्य बनेगा, जहां ‘अग्निवीर रोजगार सेल’ की स्थापना की जाएगी। यह सेल अग्निवीरों के मार्गदर्शन, कौशल विकास, पुनर्वास एवं रोजगार के अवसरों का प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करेगा। साथ ही, पूर्व सैनिकों एवं अग्निवीरों को होमस्टे तथा स्वरोजगार योजनाओं में विशेष अनुदान और प्राथमिकता भी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा, हमारी सरकार पहले ही अग्निवीरों को राज्य की सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दे चुकी है। हमारा संकल्प है कि राष्ट्रसेवा का गौरवपूर्ण दायित्व निभाने वाले प्रत्येक अग्निवीर को सेवा के बाद भी सम्मानजनक अवसर, आत्मनिर्भर भविष्य और सशक्त जीवन का मजबूत आधार मिले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में हजारों की संख्या में उपस्थित युवाओं, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं मातृशक्ति का आत्मीय स्नेह, उत्साह और विश्वास अभिभूत करने वाला रहा। आप सभी का यह अपार स्नेह एवं समर्थन ही हमें देवभूमि और राष्ट्रसेवा के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की निरंतर प्रेरणा देता है।