संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं – त्रिलोक त्यागी

The true strength of an organization lies in its workers – Trilok Tyagi

दीपक कुमार त्यागी

  • राष्ट्रीय लोकदल सभी वर्गों को समान सम्मान देने में विश्वास रखता है और धर्म एवं जाति की राजनीति नहीं करता – त्रिलोक त्यागी
  • राष्ट्रीय लोकदल की महानगर इकाई गाजियाबाद का कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न
  • सम्मेलन में महानगर के गांवों को स्मार्ट गाँव बनवाने का लिया गया संकल्प

गाजियाबाद : राष्ट्रीय लोकदल की गाजियाबाद महानगर की इकाई के द्वारा रविवार को कवि नगर स्थित एक सभागार में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना तथा उनकी समस्याओं का समाधान कर उन्हें आगामी चुनावों के लिए तैयार करना था। कार्यक्रम में जुझारू एवं संघर्षशील कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्ज्वलन में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री त्रिलोक त्यागी, क्षेत्रीय अध्यक्ष इंद्रानी त्यागी, महानगर अध्यक्ष रेखा चौधरी, प्रदेश महासचिव मधु शर्मा, रामभरोसे लाल मौर्य, हरेंद्र चौधरी, सरदार इंद्रजीत सिंह टीटू, रविंद्र चौहान, प्रबुद्ध कुमार, अमित त्यागी सरना, जयदीप सिंह, तेजवीर चौधरी, ओडी त्यागी, प्रदीप त्यागी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंच का संचालन महानगर अध्यक्ष रेखा चौधरी ने किया, जबकि अध्यक्षता सरदार इंद्रजीत सिंह टीटू ने की। युवा अध्यक्ष तुषार कौशिक अपने सैकड़ों समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ सम्मेलन में शामिल हुए।

मुख्य अतिथि के पहुंचे राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री त्रिलोक त्यागी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं और प्रत्येक वार्ड में संगठन की मजबूत इकाई का गठन आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं को 33 प्रतिशत के स्थान पर 50 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने का समर्थन किया तथा कहा कि राष्ट्रीय लोकदल सभी वर्गों को समान सम्मान देने में विश्वास रखता है और धर्म एवं जाति की राजनीति नहीं करता। उन्होंने महानगर अध्यक्ष रेखा चौधरी की संगठनात्मक कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने गाजियाबाद में पार्टी को नई ऊर्जा प्रदान की है, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है तथा संगठन का व्यापक विस्तार किया है। उन्होंने उपचुनाव में उनके कार्यों की भी प्रशंसा की और कहा कि उनकी सक्रियता की सराहना अन्य दलों के नेताओं द्वारा भी की गई है। त्रिलोक त्यागी ने युवाओं से पार्टी से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि नए और ऊजार्वान कार्यकर्ता ही संगठन का भविष्य हैं। उन्होंने ‘स्मार्ट विलेज’ की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि गांवों को शहरों जैसी सुविधाएं मिलनी चाहिए। शहरों के बीच बसे गांवों के विकास और सम्मान के लिए भी पार्टी निरंतर प्रयासरत रहेगी। उन्होंने किसानों के हितों, शिक्षा, आईटीआई को बढ़ावा देने तथा गठबंधन के साथ मिलकर आगामी चुनाव लड़ने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि वे केवल फोटो खिंचवाने और दिखावटी राजनीति से दूर रहकर जनता के बीच सक्रिय रहें तथा महानगर अध्यक्ष रेखा चौधरी से गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को उठाने का आग्रह किया।

क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय लोकदल ने हमेशा किसान और मजदूर के अधिकारों की लड़ाई लड़ी है। किसानों को उनकी जमीन का वास्तविक मालिक बनाने का कार्य राष्ट्रीय लोकदल ने किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को हर जाति, धर्म और समाज के लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन के प्रत्याशियों को विजयी बनाकर सरकार बनाने में कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन कार्यकर्ताओं के उत्साह, संगठनात्मक एकजुटता और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के विश्वास के साथ हुआ।

गाजियाबाद महानगर के लायंस क्लब, कविनगर में राष्ट्रीय लोकदल द्वारा आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठन महासचिव श्री त्रिलोक त्यागी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने चौधरी चरण सिंह जी के विचारों का स्मरण करते हुए संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, सामाजिक सद्भाव एवं जनहित के लिए समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।