राजस्थान रत्नाकर 15-16 अक्टूबर को दिल्ली का सबसे बड़ा धूल गर्दा रहित ग्रीन दिवाली मिलन समारोह आयोजित करेगा

नीति गोपेंद्र भट्ट

नई दिल्ली। दिल्ली की प्रमुख स्वयंसेवी संस्था राजस्थान रत्नाकर आगामी 15-16 अक्टूबर को दिल्ली हाट पीतमपुरा और नेताजी सुभाष प्लेस मेट्रो स्टेशन के पास दिल्ली का सबसे बड़ा दिवाली मिलन समारोह आयोजित करेगा । संस्था अध्यक्ष राजेन्द्र गुप्ता ने बताया कि कोरोना महामारी के कारण पिछलें दो वर्षों से यह कार्यक्रम आयोजित नही हो पाया था लेकिन इस वर्ष दुगने उत्साह से इसे आयोजित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि आयोजन की खूबी धूल एवं गर्दा रहित ग्रीन दिवाली मिलन कार्यक्रम है।
संस्था के प्रधान शंकर जयपुरिया ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियाँ जोर शोर से की जा रही है। रविवार को भूमि पूजन के साथ और भी तेजी से तैयारियाँ आगे बढ़ेंगी।

प्रबंध कार्यकारिणी की बैठक में महामन्त्री सुमित गुप्ता और कार्यक्रम के मुख्य संयोजक राम अवतार शाह अशोक डालमिया एवं पुष्पेन्द्र गोयल तथा अर्थ व्यवस्था समिति के श्याम सुन्दर गुप्ता एवं स्टॉल समिति के रवि तुलस्यान ने अब तक की प्रगति से अवगत कराया।उन्होंने बताया कि आयोजन के लिए तैयार निमंत्रण कार्ड भी आकर्षक का केन्द्र बन गए है।

इस मौके पर उप प्रधान ललित पोद्दार एवं अरविन्द गुप्ता,कोषाध्यक्ष प्रवीण जालान मंत्री मुकेश गुप्ता उप मंत्री अमित गोयल ने भी अपने विचार प्रकट किए और सदस्यों के सुझावों तथा के बी हरलालका और अनिल गुप्ता आदि के योगदान को सराहा।

पूर्व प्रधान पुष्पेन्द्र गोयल ने बताया कि इस बार कार्यक्रम में कई नए आयोजनों को शामिल किया जायेगा जिनमें मुख्य द्वार के भीतर बाँके बिहारी जी राम दरबार और अन्य झाकियाँ आकर्षण का केन्द्र होंगी।इसके अलावा भव्य मंच पर शानदार मनोरंजन कार्यक्रम होंगे। आयोजन स्थल पर भारतीय संस्कृति पर आधारित साज सज्जा,आकर्षक वस्तुओं के स्टाल दिल्ली के लज़ीज़ खान पान के स्टाल आदि भी उपलब्ध रहेंगे।