रविवार दिल्ली नेटवर्क
देहरादून : सचिवालय में आयोजित राज्य वन्यजीव बोर्ड एवं राज्य स्तरीय बाघ संचालन समिति की बैठक में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को प्रभावी ढंग से रोकने तथा वन्यजीव आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ठोस एवं समयबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आगामी हरिद्वार कुंभ के दौरान मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल की तैनाती सुनिश्चित करने, वन्यजीव गलियारों के संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और स्थानीय लोगों की आजीविका के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही वन्यजीव संघर्ष के दौरान दूसरों की जान बचाने वाले साहसी नागरिकों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य में बाघ संरक्षण के लिए कैमरा ट्रैप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित निगरानी और वैज्ञानिक प्रबंधन प्रणाली को और सुदृढ़ बनाया जाए साथ ही प्राकृतिक जल स्रोतों एवं चारागाहों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, विधायक श्री दीवान सिंह बिष्ट, माननीय दायित्वधारी श्री गीताराम गौड़ उपस्थित रहे।





