सीएस ने राजस्व वृद्धि के नवीन प्रयास एवं नवाचारों पर अधिकारियों से चर्चा की

The Chief Secretary discussed new initiatives and innovations for revenue enhancement with the officials

रविवार दिल्ली नेटवर्क

देहरादून : मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने आज सचिवालय में राजस्व वृद्धि के सम्बन्ध में अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान मुख्य सचिव ने लक्ष्य के सापेक्ष अर्जित राजस्व की जानकारी ली एवं राजस्व वृद्धि के नवीन प्रयास एवं नवाचारों पर अधिकारियों से चर्चा की।

उन्होंने एसजीएसटी विभाग को टैक्स चोरी को रोकने के लिए एआई आधारित जांच बढ़ाए जाने पर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने अगले 4-5 महीनों में एआई बेस्ड मैकेनिज्म तैयार किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कर सम्बन्धी सभी विभागों का डाटा इंटीग्रेशन किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने परिवहन विभाग के एएनपीआर कैमरों के प्रभावी उपयोग के साथ ही सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में निबंधन और रजिस्ट्रेशन सम्बन्धी रखरखाव कार्यों का डिजिटाइजेशन किए जाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि वन या गैर क्षेत्रों में नए खनन लॉट्स चिन्हित किए जाएं तथा इस हेतु जिला प्रशासन का सहयोग भी प्राप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि वन निगम जिन खनन व टीम में हर कार्य नहीं कर पा रहा है, उन पर वन विभाग अपने स्तर से कार्यवाही करें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जड़ी बूटी के क्षेत्र में भी अच्छी संभावना है। उन्होंने जड़ी बूटियों से सम्भावित आय का अध्ययन किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि आय के नए स्रोत के रूप में कार्बन क्रेडिट और नये इको टूरिज्म स्थलों के विकास को सम्मिलित किया जाए। उन्होंने जनसामान्य को टिम्बर की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु ऑनलाइन व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने पर जोर दिया। साथ ही इसके लिए आईटीडीए से तकनीकी सहायता हेतु समन्वय किए जाने की बात कही।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव श्री दिलीप जावलकर, श्री बृजेश कुमार संत, श्री रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव श्री हिमांशु खुराना, श्रीमती अनुराधा पाल एवं श्री मनमोहन मैनाली सहित सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।