रविवार दिल्ली नेटवर्क
देहरादून : राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं वायु गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से जिला स्तरीय कार्यान्वयन समिति की नगर निगम में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा जनपद में वायु प्रदूषण नियंत्रण एवं वायु गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में सड़क धूल नियंत्रण, यांत्रिक सड़क सफाई, निर्माण एवं विध्वंस (सी एण्ड डी) अपशिष्ट का उचित प्रबंधन, कचरे के खुले में जलने पर रोक, हरित क्षेत्र के विस्तार, यातायात जंक्शनों के सुधार, वृक्षारोपण एवं हरित पट्टियों के विकास तथा जन-जागरूकता एवं आईईसी गतिविधियों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
समिति द्वारा निर्देशित किया गया कि एनसीएपी के अंतर्गत संचालित सभी कार्यों में संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए। वायु प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक नियंत्रणात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
नगर निगम देहरादून द्वारा वायु गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों, जैसे वैक्यूम आधारित रोड स्वीपिंग मशीनों का उपयोग, सड़क एवं निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण, हरित क्षेत्र का विस्तार, पौधारोपण तथा स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण हेतु आईईसी गतिविधियों की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की गई।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ देहरादून के निर्माण के लिए केवल सरकारी विभागों का प्रयास पर्याप्त नहीं है, बल्कि आमजन की सहभागिता भी आवश्यक है। नागरिकों से अपील की गई कि वे कूड़ा खुले में न जलाएं, गीले एवं सूखे कचरे को स्रोत पर अलग करें, निर्माण सामग्री को खुले में न फैलाएं तथा अधिक से अधिक पौधारोपण कर शहर को “क्लीन दून – ग्रीन दून” बनाने में सहयोग करें।
जिला स्तरीय कार्यान्वयन समिति द्वारा एनसीएपी के लक्ष्यों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी निगरानी के साथ आगामी कार्ययोजना को और अधिक सुदृढ़ करने पर सहमति व्यक्त की गई।





