आरईसी लिमिटेड को राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय हिंदी परिषद द्वारा किया गया सम्मानित

REC Limited honored by the International Hindi Council for outstanding contribution in the field of Official Language

रविवार दिल्ली नेटवर्क

पटना : बिहार विधान सभा के सभागार, पटना में आयोजित एक गरिमामय समारोह में अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी परिषद द्वारा आरईसी कॉर्पोरेट कार्यालय, गुरुग्राम को राजभाषा हिन्दी के संवर्धन, प्रचार-प्रसार तथा कार्यालय के दैनिक कार्यों में हिन्दी के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

यह प्रतिष्ठित सम्मान नागालैंड के माननीय राज्यपाल श्री नंदकिशोर यादव एवं बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार द्वारा प्रदान किया गया। समारोह में सिक्किम के पूर्व राज्यपाल श्री गंगा प्रसाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी कुमार चौबे, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री संजय पासवान तथा बिहार के पूर्व डीजीपी श्री आलोक राज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

आरईसी की ओर से यह सम्मान वरिष्ठ महाप्रबंधक एवं आरईसी पटना कार्यालय के मुख्य कार्यक्रम प्रबंधक (सीपीएम) श्री एस.के. बागे ने प्राप्त किया।

यह सम्मान राजभाषा हिन्दी के क्षेत्र में आरईसी द्वारा किए जा रहे सतत एवं रचनात्मक प्रयासों का परिणाम है। आरईसी निरंतर राजभाषा नीति के प्रभावी कार्यान्वयन, कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के व्यापक प्रयोग, राजभाषा संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन तथा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से हिन्दी के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रही है। यह उपलब्धि संस्थान के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों, समर्पण और राजभाषा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह सम्मान भविष्य में भी राजभाषा हिन्दी के संवर्धन एवं सरकारी कामकाज में उसके प्रभावी उपयोग को प्रोत्साहित करने हेतु आरईसी को नई प्रेरणा प्रदान करेगा।