प्रसिद्ध माँ भूड़ावाली देवी मंदिर के नवीनीकरण कार्य का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुभारंभ

Renovation work of the famous Maa Bhudawali Devi Temple inaugurated amidst Vedic chanting

दीपक कुमार त्यागी

01 करोड़ 05 लाख की धनराशि से होगा मंदिर परिसर का विकास एवं सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

जेवर, गौतम बुद्ध नगर : जेवर क्षेत्र के सिरसा माचीपुर के प्रसिद्ध माँ भूड़ावाली देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू हो गया है, 30 अगस्त 2026 को ग्राम सिरसा माचीपुर स्थित प्रसिद्ध माँ भूड़ावाली देवी मंदिर के नवीनीकरण एवं विकास कार्य का क्षेत्रवासियों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुभारंभ हुआ। लगभग 01 करोड़ 05 लाख की धनराशि से होने वाला यह विकास कार्य मंदिर परिसर को बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित करने के साथ-साथ क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि “माँ भूड़ावाली देवी मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा धार्मिक स्थलों का विकास एवं सौंदर्यीकरण हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद श्रद्धालुओं को सुविधाजनक वातावरण मिलेगा और मंदिर परिसर की सुंदरता में भी वृद्धि होगी। साथ ही, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने से सिरसा माचीपुर और आसपास के क्षेत्र में पर्यटन एवं स्थानीय विकास के नए अवसर भी सृजित होंगे।”

जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि “विकास केवल सड़कों और भवनों तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और विरासत से जुड़े स्थलों का संरक्षण एवं विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। माँ भूड़ावाली देवी मंदिर का यह विकास कार्य इसी सोच का परिणाम है।”

इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने माँ भूड़ावाली देवी से प्रार्थना करते हुए कहा कि “माँ का आशीर्वाद क्षेत्रवासियों पर सदैव बना रहे और जेवर क्षेत्र निरंतर विकास, समृद्धि एवं खुशहाली की ओर आगे बढ़ता रहे।”