गाजियाबाद के नवयुग मार्केट में बाबा साहब की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ पर विधायक संजीव शर्मा ने लिया तत्काल संज्ञान

MLA Sanjeev Sharma took immediate cognizance of the tampering with the statue of Baba Saheb in Ghaziabad's Navyug Market

दीपक कुमार त्यागी

मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से वार्ता कर बाबा साहब जी की प्रतिमा पर टफन ग्लास, पार्क मे रेलिंग और सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य प्रारंभ कराया

गाजियाबाद : नवयुग मार्केट स्थित बाबा साहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के साथ कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सब्जी फेंकने की घटना सामने आने पर शहर विधायक संजीव शर्मा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर निगम व अन्य अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि 28 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8 बजे बी.आर. आंबेडकर समिति के अध्यक्ष द्वारा घटना की जानकारी फोन पर दिए जाने के पश्चात तत्काल नगर आयुक्त एवं प्रशासनिक अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही शहर विधायक संजीव शर्मा ने नगर निगम के अधिकारियों एवं एसडीएम सहित स्वयं अंबेडकर पार्क नवयुग मार्किट पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

विधायक संजीव शर्मा ने बाबा साहब की प्रतिमा के साथ किए गए इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं समाज की प्रेरणा और सम्मान का प्रतीक हैं। इनके साथ किसी भी प्रकार का अपमानजनक कृत्य स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मौके पर विधायक संजीव शर्मा ने अधिकारियों को बाबा साहब की प्रतिमा की सुरक्षा के लिए तत्काल टफन ग्लास लगाने, प्रतिमा स्थल की साफ-सफाई एवं पार्क मे एस एस की रेलिंग तथा सौंदर्यीकरण तथा सारे पार्क मे करीब 16 सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य शुरू करवाया ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

विधायक संजीव शर्मा ने मामले की एफ आई आर करवाई और पुलिस अधिकारियों को घटना की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससेl घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके और उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो।

शहर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि बाबा साहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर का सम्मान हम सभी की जिम्मेदारी है। उनकी प्रतिमा की सुरक्षा एवं गरिमा बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा। साथ ही उन्होंने क्षेत्रवासियों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।