मांट के दिग्गज पंडित श्याम सुंदर शर्मा की कांग्रेस में घर वापसी

Veteran leader from Mant, Pandit Shyam Sundar Sharma, returns to the Congress fold

पूर्व मंत्री और आठ बार के विधायक ने फिर थामा कांग्रेस का हाथ

हरीश शर्मा

नई दिल्ली : मांट विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री पंडित श्याम सुंदर शर्मा ने कांग्रेस में पुनः वापसी की है। दिल्ली स्थित कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।

कांग्रेस में वापसी के बाद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस से उनका रिश्ता दशकों पुराना है। मांट की जनता से उनका संबंध केवल राजनीति तक सीमित नहीं, बल्कि वर्षों के विश्वास, संघर्ष और जनसेवा से जुड़ा हुआ है।

वर्ष 1989 में कांग्रेस के टिकट पर मांट विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक निर्वाचित होने के बाद शर्मा ने लगातार कई चुनावों में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वह उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

शर्मा ने कहा कि राजनीति उनके लिए कभी केवल पद और सत्ता का माध्यम नहीं रही, बल्कि जनता की सेवा का माध्यम रही है। उन्होंने अपने समर्थकों, कार्यकर्ताओं और मांट की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि राजनीतिक परिस्थितियां बदल सकती हैं, लेकिन जनता के प्रति उनका समर्पण कायम रहेगा।

उनकी कांग्रेस में वापसी को मांट की स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले समय में उनकी सक्रियता और कांग्रेस संगठन में उनकी भूमिका पर राजनीतिक नजरें रहेंगी।