टीएमयू में डॉ. विशेष गुप्ता बोले, युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे महत्वपूर्ण संपदा

Dr. Vishesh Gupta said in TMU, youth power is the most important asset of the nation.

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में डीन स्टुडेंट्स वेलफेयर ऑफिस के तत्वावधान में सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित स्टुडेंट्स का ओरिएंटेशन कार्यक्रम

रविवार दिल्ली नेटवर्क

  • कुलपति प्रो. वीके जैन ने की ओरिएंटेशन कार्यक्रम की अध्यक्षता
  • रुचि मुताबिक क्लबों और संगठनों से जुड़कर निभाएं सक्रिय भूमिका
  • डीएसडब्ल्यू प्रो. एमपी सिंह के निर्देशन में हुआ ओरिएंटेशन कार्यक्रम
  • स्टुडेंट्स ने दीं देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवम् जाने-माने समाजशास्त्री डॉ. विशेष गुप्ता ने टीएमयू के स्टुडेंट्स को संबोधित करते हुए कहा, युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी संपदा है। स्टुडेंट्स को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर सामाजिक सरोकारों, सेवा भावना, अनुशासन और नेतृत्व के गुणों को भी अपने जीवन में उतारना चाहिए। डॉ. गुप्ता बोले, एनसीसी, एनएसएस और रोवर्स-रेंजर्स जैसे संगठन युवाओं को देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का एक प्रभावी मंच प्रदान करते हैं। डॉ. गुप्ता तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के डीन स्टुडेंट्स वेलफेयर ऑफिस के तत्वावधान में सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित स्टुडेंट्स के लिए ऑडी में आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। कार्यक्रम में टीएमयू स्टुडेंट क्लब्स- टीएससी, राष्ट्रीय सेवा योजना- एनएसएस, एनसीसी- गर्ल्स विंग और रोवर्स एंड रेंजर्स की ओर से अपनी-अपनी गतिविधियों और सहभागिता के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवागंतुक स्टुडेंट्स को यूनिवर्सिटी के विभिन्न छात्र संगठनों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और व्यक्तित्व विकास के अवसरों से परिचित कराना रहा। इससे पूर्व मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सामूहिक राष्ट्रगान के संग कार्यक्रम का समापन हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए टीएमयू के कुलपति प्रो. वीके जैन ने कहा, यूनिवर्सिटी लाइफ केवल कक्षाओं और पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं होती। सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां स्टुडेंट्स के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक दायित्वों को निखारने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने नवप्रवेशित स्टुडेंट्स से आह्वान किया कि वे अपनी रुचि के अनुसार विभिन्न क्लबों और संगठनों से जुड़कर सक्रिय भूमिका निभाएं। डीन स्टुडेंट्स वेलफेयर प्रो. एमपी सिंह के निर्देशन में आयोजित इस समारोह में स्टुडेंट्स ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गीत, नृत्य और नाटकों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति और राष्ट्र निर्माण पर आधारित एक विशेष प्रस्तुति दी गई, जिसने युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करते हुए राष्ट्र निर्माण का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर टीएमयू स्टूडेंट क्लब्स के कोऑर्डिनेटर श्री दीपक मलिक, एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. रवि प्रकाश सिंह, एनसीसी की सीटीओ डॉ. उपासना, डिस्ट्रिक्ट कमिश्नर (रोवर) डॉ. विनोद कुमार जैन के संग-संग संबंधित अधिकारी, शिक्षकगण और नवप्रवेशित स्टुडेंट्स उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों को सम्मानित किया गया।