रामलीलाएं नई पीढ़ी को प्रभु श्रीराम के आदर्शों और रामराज की अवधारणा से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं : उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू

Ramlilas are a powerful medium to connect the new generation with the ideals of Lord Shri Ram and the concept of Ramraj: Lieutenant Governor Taranjit Singh Sandhu.

मोहित त्यागी

दिल्ली : लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें लव कुश रामलीला में अपनी सुविधानुसार किसी भी दिन पधारकर प्रभु श्रीराम की भव्य लीला का अवलोकन करने हेतु सादर आमंत्रित किया। इस अवसर पर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि रामलीलाएं भारतीय संस्कृति और संस्कारों की अमूल्य धरोहर हैं। इनके माध्यम से आज की युवा पीढ़ी, विशेषकर जेन जी (Gen Z), को प्रभु श्रीराम के त्याग, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा, परिवार के प्रति समर्पण तथा आदर्श शासन व्यवस्था ‘रामराज’ के महत्व से परिचित कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लव कुश रामलीला कमेटी इस पुनीत कार्य में महत्वपूर्ण एवं अग्रणी भूमिका निभा रही है।

उपराज्यपाल ने लव कुश रामलीला कमेटी द्वारा इस वर्ष जेन जी को भारतीय संस्कृति और प्रकृति से जोड़ने के उद्देश्य से हजारों तुलसी के पौधों के वितरण तथा ‘घर-घर राम, घर-घर तुलसी’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की पहल की विशेष सराहना की। उन्होंने इस प्रेरणादायी अभियान के लिए कमेटी के सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन से लीला आयोजकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण सहायता मिली है। उन्होंने कहा कि लव कुश रामलीला कमेटी का उद्देश्य भव्य रामलीला मंचन के साथ-साथ प्रभु श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल ने कमेटी की ओर से उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को प्रभु श्रीराम की प्रतिमा एवं रामनामी पटका भेंट कर सम्मानित किया गया।