दीपक कुमार त्यागी
गाजियाबाद : अजमीढ़जी भवन सुचेतपुरी मोदीनगर में चल रही हनुमत कथा में हनुमान जन्म का उत्सव धूमधाम से मनाया गया झूम झूम कर भक्तो ने हनुमान जन्म की बधाईयाँ गाई। हनुमान जन्म की कथा पर बोलते हुए कथा व्यास अरविन्द भाई ओझा ने कहा कि हनुमान जी प्रभु चरित सुनिबे के रसिया हैं क्योंकि उनके प्राणों में राम कथा बसती है, हनुमान जी का जन्म भले ही माता अंजना और केसरी के यहां हुआ हो पर हनुमान जी का प्रगटीकरण रामकथा से हुआ है इसलिए प्रभु श्रीराम और जानकी को वे अपने माता पिता कहते हैं। माता जानकी ने हनुमान जी को अजर अमर होने का वरदान दिया तो हनुमान जी चिरंजीवी हो गए और प्रभु श्रीराम ने आशीर्वाद देते हुए कहा कि जब तक धरती पर रामकथा रहेगी तब तक तुम यहीं धरती पर रह कर भक्तों का कल्याण करते रहोगे।
कथा व्यास अरविन्द भाई ओझा ने कहा कि अगर हम चाहते हैं कि प्रभु की कृपा प्राप्त होती रहे तो हमें राम जी का गुणगान गाते रहना चाहिए। हनुमत जन्म पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि भगवान शिव ने ही हनुमान जी के रूप में जन्म लिया है इसलिए उनके जीवन में हमे शिव के समान सरलता , सहजता व सजगता ( क्रोध ) तीनो दिखाई देते है। मां का स्थान जीवन में सबसे श्रेष्ठ है क्योंकि परमात्मा ने स्त्री को एक गुण ममता रूपी प्रेम दिया है, जिसके कारण कोई भी स्त्री जननी भले ही न बन पाए पर हर स्त्री मां बन सकती है इसलिए भगवान श्री राम अपनी मां ( जननी ) और जन्मभूमि दोनों को बहुत प्यार करते है और हमे संदेश देते है कि हमे भी अपने जन्म के गाँव को तीर्थ समझना चाहिए। हनुमान जी का जन्म संसार के मनुष्यों की बुराइयों को सुधारने के लिए हुआ और भगवान श्री राम का जन्म संसार के मनुष्यों को भवसागर से तारने के लिए हुआ है इसलिए हनुमान जी सुधारते है और श्री राम तारते है। हम अगर अपने जीवन में भक्ति प्राप्त करना चाहते है तो हमे अपनी बुद्धि, बल, पद व परिवार के झूठे अभिमान को त्याग कर भगवान की शरण में आना चाहिए क्योंकि जहाँ जहाँ अभिमान होता है वहाँ भगवान नहीं आते। आज कथा में यजमान सत्यनारायण शर्मा , दुष्यंत यादव सभासद, नितिन मित्तल, अजेश श्रीवास्तव विनीत शर्मा, अनुज लाला आदि रहे।





