गाजियाबाद के जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने जनपद के सबसे बड़े छठ घाट का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Ghaziabad District Magistrate Ravindra Kumar Mondad inspected the biggest Chhath Ghat of the district, gave necessary guidelines to the officials regarding the arrangements.

दीपक कुमार त्यागी

छठ पूजा के दौरान स्वच्छता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, शुद्ध जल, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

गाजियाबाद : छठ पूजा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने जनपद के सबसे बड़े छठ घाट (हिंडन नदी) का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने छठ पूजा में प्रतिभाग कर श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त राजकरन नय्यर, नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा छठ पूजा आयोजन समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छठ घाट की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं जल की स्वच्छता, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात संचालन एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने निर्देशित किया कि छठ पूजा प्रारंभ होने से लेकर पर्व की समाप्ति तक हिंडन नदी एवं छठ घाट के आसपास किसी भी प्रकार की गंदगी अथवा कूड़ा एकत्रित नहीं होना चाहिए। नदी का जल स्वच्छ एवं साफ बनाए रखा जाए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। विद्युत व्यवस्था के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि छठ पूजा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। घाट एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रहे। विद्युत तारों एवं उपकरणों का पूर्व में ही निरीक्षण कर लिया जाए तथा कहीं भी कोई तार कटा, टूटा अथवा खुला हुआ न हो, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका उत्पन्न हो। सभी विद्युत व्यवस्थाएं सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।

सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने पूरे छठ घाट एवं आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा। यातायात व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन को ध्यान में रखते हुए प्रभावी यातायात प्रबंधन किया जाए। घाट तक पहुंचने वाले मार्गों पर यातायात सुचारु रहे तथा पार्किंग एवं आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा पर्व के दौरान निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ पूजा आस्था एवं श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। अतः सभी संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, सुरक्षा एवं सुविधाजनक वातावरण में पर्व संपन्न कर सकें।

इस अवसर पर छठ पूजा आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों ने भी व्यवस्थाओं के संबंध में अपने सुझाव एवं अपेक्षाएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं और जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ को धन्यवाद प्रकट करते हुए कहा गया कि आपके द्वारा छठ पूजा को बहुत ही स्वच्छता और सकुशलता से संपन्न कराने हेतु पूर्ण सहयोग दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।