- प्रगति मैदान से भारत मंडपम तक बदला स्वरूप, राजस्थान की कला, संस्कृति और उद्यमिता बनी मेले की विशिष्ट पहचान
- 21 नवंबर को मनाया जाएगा राजस्थान दिवस
नीति गोपेन्द्र भट्ट
नई दिल्ली का भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) महज एक प्रदर्शनी समूह या खरीदारी का आयोजन नहीं है, बल्कि यह स्वतंत्र भारत की औद्योगिक प्रगति, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक विविधता का जीवंत प्रदर्शन है। प्रत्येक वर्ष 14 नवंबर से शुरू होने वाला यह पन्द्रह दिवसीय मेला देश-विदेश के उद्यमियों, निवेशकों, व्यापारियों, शिल्पकारों और आम नागरिकों को एक साझा मंच और विकास की आकर्षक झांकी दिखाता है। वर्ष 2026 में इसका 45वां संस्करण आयोजित हो रहा है। परम्परा से इतर इस बार 13 नवम्बर को सायं केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने इसका उद्घाटन किया।अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इस वर्ष की थीम ‘‘विकास और विरासत’’ रखी गई हैं। इस वर्ष राजस्थान,बिहार, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश साझेदार राज्य हैं। मेले में 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अलावा 11 देशों के प्रतिनिधि और करीब 3,500 से अधिक व्यापारिक इकाइयां एवं लगभग 600 स्टार्टअप्स हिस्सा ले रहे हैं। यह मेला 14 से 18 नवंबर 2026 तक व्यापारिक दर्शकों के लिए और 19 से 27 नवंबर 2026 तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। 18 राज्य अपना राज्य दिवस मनाएंगे। राजस्थान (पार्टनर स्टेट) 21 नवंबर को शाम 6:00 – शाम 7:30 तक प्रगति मैदान के गेट 4 के पास एम्फीथिएटर – 1 में राजस्थान दिवस मनाएगा।
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर नजर डालें तो इसका इतिहास स्वतंत्रता के बाद भारत में औद्योगिक विकास और व्यापार को प्रोत्साहित करने के प्रयासों से जुड़ा है। वर्ष 1953 में प्रगति मैदान परिसर में पहली रेलवे प्रदर्शनी आयोजित हुई थी। इसके बाद 1958 में विश्व कृषि मेला और 1959-60 में भारतीय औद्योगिक प्रदर्शनी ने इसे बड़े आयोजनों के केंद्र के रूप में स्थापित किया। वर्ष 1972 में स्वतंत्रता की रजत जयंती के अवसर पर आयोजित एशिया-72 प्रदर्शनी ने इस परिसर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। इसी दौर में इसे प्रगति मैदान नाम मिला। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले की औपचारिक शुरुआत 1979 में हुई। वर्ष 1983 का आयोजन विशेष उल्लेखनीय रहा, जिसमें 40 से अधिक विदेशी देशों की भागीदारी और लगभग 40 लाख दर्शकों की उपस्थिति दर्ज की गई।
वर्ष 1992 में ट्रेड फेयर अथॉरिटी ऑफ इंडिया और ट्रेड डेवलपमेंट अथॉरिटी के विलय से इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ) का गठन हुआ। इसके बाद मेले का स्वरूप लगातार विस्तृत होता गया। भारत के प्रत्येक राज्य के उनकी अपनी स्थापत्य कला से बने विशाल पवेलियन एक अलग ही प्रकार की छटा बिखरने लगे और अपार जन समूह का सैलाब प्रगति मैदान की भव्यता का आईना बन गया। कोरोना महामारी के कारण 2020 में इसका आयोजन नहीं हो सका था। लेकिन इसके बाद व्यापार मेला फिर से अपनी अनवरत यात्रा पर चल पड़ा है। इस वर्ष 2026 में व्यापार मेला अपना 45वां संस्करण आयोजित कर रहा है।
मेले के इतिहास में आधुनिकता का नया अध्याय वर्ष 2023 में जुड़ा, जब पुनर्विकसित प्रगति मैदान परिसर में भव्य भारत मंडपम का लोकार्पण हुआ। इसी वर्ष यहां जी-20 शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया और नवंबर में 42वां अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला नए परिसर में लगा। अत्याधुनिक प्रदर्शनी हॉल, विशाल वातानुकूलित परिसर, आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं ने इसे वैश्विक प्रदर्शनियों के अनुरूप नया स्वरूप दिया।
इस मेले की सबसे बड़ी विशेषता भारत की विविधता का एक ही परिसर में दर्शन है। विभिन्न राज्यों के मंडप अपनी कला, संस्कृति, खानपान, हस्तशिल्प, पर्यटन और औद्योगिक उपलब्धियों को प्रदर्शित करते हैं। विदेशी देशों की भागीदारी इसे व्यापारिक कूटनीति और निवेश का महत्वपूर्ण मंच बनाती है। राजस्थान की भागीदारी इस आयोजन का विशेष आकर्षण रही है। ब्लू पॉटरी, थेवा कला, सांगानेरी-बगरू प्रिंट, कोटा डोरिया, बंधेज, लहरिया, कुंदन-मीनाकारी, कठपुतलियां और संगमरमर की कलाकृतियां प्रदेश की समृद्ध शिल्प परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाती हैं। राजस्थानी खानपान, लोकसंगीत, लोकनृत्य और पर्यटन की झलक भी दर्शकों को आकर्षित करती है। वर्ष 2025 के 44वें मेले में राजस्थान को पार्टनर स्टेट श्रेणी में स्वर्ण पदक मिलना प्रदेश की प्रभावशाली प्रस्तुति का प्रमाण रहा। इसके पूर्व पिछले चार दशकों में भी राजस्थान मण्डप को कई बार पुरस्कार मिले है।
इस वर्ष 45वें मेले में भी राजस्थान की भागीदारी महत्वपूर्ण है। लगभग एक हजार वर्गमीटर क्षेत्र में बनाए गए राजस्थान मंडप के माध्यम से प्रदेश की विरासत, उद्योग, निवेश और उद्यमिता को प्रदर्शित किया गया है। भारत मंडपम के हॉल नंबर 3 के (भूतल) पर स्थित राजस्थान मंडप में 18 नवम्बर, 2026 को जयपुर शहर के 300 वें स्थापना दिवस को बड़े चित्र पैनल से प्रदर्षित किया गया है। मण्डप में खादी, राजीविका, महिला स्वयं सहायता समूहों, हस्तशिल्पियों और औद्योगिक संस्थानों की भागीदारी से स्थानीय उत्पादों को नए बाजार उपलब्ध कराने का अवसर मिलेगा।
वास्तव में अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले की सफलता केवल दर्शकों की संख्या या पुरस्कारों से नहीं, बल्कि व्यापार, निवेश, रोजगार और शिल्पकारों को मिलने वाले अवसरों से आंकी जानी चाहिए। प्रगति मैदान से भारत मंडपम तक की इसकी यात्रा बदलते भारत की विकासगाथा है। यह आयोजन विरासत को आधुनिकता से और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन चुका है।





