29 नवम्बर को वीणा म्यूजिक मोबाइल ऐप का लोकार्पण और 4 दिसम्बर को ‘घूमर वॉल्यूम-5’ का होगा भव्य विमोचन

Veena Music Mobile App will be launched on 29th November and 'Ghoomar Volume-5' will be grandly released on 4th December.

स्वर्गीय के.सी. मालू के अधूरे संकल्पों को साकार करने की पहल, दो ऐतिहासिक आयोजनों में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी सहित अतिथियों को आमंत्रण

नीति गोपेन्द्र भट्ट

नई दिल्ली/जयपुर : राजस्थान की समृद्ध लोककला, लोकसंगीत और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले स्वर्गीय के.सी. मालू के सपनों और संकल्पों को आगे बढ़ाने की दिशा में वीणा म्यूजिक ग्रुप ने दो महत्वपूर्ण आयोजनों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इन आयोजनों के लिए वीणा म्यूजिक समूह के शिष्टमंडल ने नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से भेंट कर आमंत्रित किया गया है।

इस अवसर पर शिष्ट मण्डल ने बिरला और मेघवाल को स्वर सरिता मासिक की स्वर्गीय के सी मालू पर प्रकाशित भावांजलि अंक की प्रति भी भेंट की।

इस कार्यक्रम के लिए केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत तथा राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, राजस्थान के नगरीय विकास राज्य मन्त्री झाबर सिंह खर्रा, राजस्थान धरोहर प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत सहित अन्य गणमान्य अतिथियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।

वीणा ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर हेमजीत मालू ने इन चारों विशिष्ट अतिथियों को पत्र प्रेषित कर दोनों ऐतिहासिक आयोजनों में गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करने का आग्रह किया है। दोनों आयोजन स्वर्गीय के.सी. मालू की स्मृति, उनके सांस्कृतिक योगदान और राजस्थान की लोकसंगीत परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उनके संकल्पों को समर्पित होंगे।

29 नवम्बर को वीणा म्यूजिक मोबाइल ऐप का लोकार्पण

आयोजन की पहली कड़ी में रविवार, 29 नवम्बर 2026 को जयपुर में प्रातः 10:45 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक ‘वीणा म्यूजिक मोबाइल ऐप’ का भव्य लोकार्पण किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे से सहभोज आयोजित होगा।

यह मोबाइल ऐप राजस्थान के समृद्ध लोकसंगीत को आधुनिक डिजिटल तकनीक से जोड़ने की अभिनव पहल है। इसके माध्यम से राजस्थान के पारंपरिक लोकगीतों, लोकधुनों और संगीत की अमूल्य धरोहर को एक डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराने के साथ देश-विदेश के संगीत प्रेमियों तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने का लक्ष्य है। यह पहल लोकसंगीत के संरक्षण, संवर्धन और वैश्विक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

4 दिसम्बर को ‘घूमर वॉल्यूम-5’ का विमोचन

दूसरा महत्वपूर्ण आयोजन शुक्रवार, 4 दिसम्बर 2026 को जयपुर में होगा। इस अवसर पर प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक ‘घूमर वॉल्यूम-5’ का भव्य विमोचन किया जाएगा। दोपहर 1:15 बजे से सहभोज रखा गया है।

राजस्थान की लोकसंस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने वाली वीणा की ‘घूमर’ संगीत श्रृंखला के चार सफल संस्करणों के बाद इसका पांचवां संस्करण लोकसंगीत की इस गौरवशाली यात्रा में एक और महत्वपूर्ण अध्याय होगा। यह केवल गीत-संगीत का नया संकलन नहीं, बल्कि राजस्थान की लोकपरंपराओं, सांस्कृतिक अस्मिता और लोक कलाकारों की सृजनात्मक प्रतिभा को आगे बढ़ाने का प्रयास है।

के.सी. मालू की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय के.सी. मालू ने अपना संपूर्ण जीवन राजस्थान की लोककला, लोकसंगीत और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित किया। उनके मार्गदर्शन में वीणा म्यूजिक ने लोकगीतों और पारंपरिक संगीत को नई पहचान दिलाई। विशेष रूप से ‘घूमर’ संगीत श्रृंखला ने राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

14 जुलाई 2026 को उनके असामयिक निधन से संगीत एवं सांस्कृतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई। अब उनके उत्तराधिकारी हेमजीत मालू और वीणा ग्रुप उनके अधूरे सपनों को साकार करने तथा उनकी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

इन दोनों आयोजनों के माध्यम से स्वर्गीय के.सी. मालू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ राजस्थान की लोकसंगीत परंपरा को आधुनिक तकनीक और नए रचनात्मक प्रयोगों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।