दिलीप कुमार पाठक
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान, जो कभी पाकिस्तान का सबसे लोकप्रिय चेहरा हुआ करते थे और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करते थे, आज जेल की तन्हाई में अपनी जिंदगी की गुहार लगा रहे हैं। अदियाला जेल की चारदीवारी से आए उनके संदेश ने न केवल पाकिस्तान की आंतरिक राजनीति को बेनकाब किया है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को भी झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने आशंका जताई है कि जिस तरह के हालात में उन्हें रखा गया है और जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं, उससे उनका जिंदा वापस लौट पाना मुश्किल है। पाकिस्तान की राजनीति के इस खौफनाक सच के ठीक उलट, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ देश को यह सपना दिखा रहे हैं कि पाकिस्तान जल्द ही दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने वाला है।
हाल ही में पाकिस्तान के मिनरल्स इन्वेस्टमेंट फोरम में बोलते हुए पीएम शहबाज शरीफ ने एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने गोल्डमैन सैक्स की एक पुरानी रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पाकिस्तान साल 2075 तक दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है, लेकिन वे इसमें सुधार करते हुए इस लक्ष्य को साल 2050 से भी पहले हासिल कर लेंगे।
इन दावों की हकीकत की पड़ताल करें तो तस्वीर बिल्कुल उलट नजर आती है। 130 अरब डॉलर से ज्यादा के विदेशी कर्ज के बोझ तले दबे और आईएमएफ तथा चीन की बैसाखियों पर टिके रहने वाले पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार हर दूसरे दिन संकट में रहता है। ऐसे में 2050 तक दुनिया की शीर्ष छह अर्थव्यवस्था बनने का सपना देखना किसी छलावे से कम नहीं है। जहां रोजमर्रा की बुनियादी चीजें दुर्लभ हो चुकी हों और महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ रखी हो, वहां इस तरह के हवाई किलों पर खुद दुनिया भर के विशेषज्ञ सवाल उठा रहे हैं कि क्या तब तक पाकिस्तान का मौजूदा स्वरूप बचेगा भी या नहीं। इस बदहाली के पीछे पाकिस्तान के कॉर्पोरेट दिग्गजों, बड़े ब्यूरोक्रेट्स और सियासतदानों की बड़ी भूमिका मानी जाती है, जिन्होंने अर्थव्यवस्था को खोखला कर लूट का धन लंदन और दुबई में अपने बच्चों के नाम आलीशान संपत्तियों में लगा दिया है। वे जानते हैं कि जिस दिन पाकिस्तान की अवाम का सब्र टूटेगा, वे सबसे पहले देश छोड़कर भाग खड़े होंगे।
लेकिन आज पाकिस्तान के भीतर सबसे बड़ा बदलाव आर्थिक मोर्चे से ज्यादा वैचारिक स्तर पर दिखाई दे रहा है। 1947 के बंटवारे के बाद लगभग छह दशकों तक पाकिस्तान के पाठ्यक्रम और सरकारी तंत्र ने एक खास किस्म की विचारधारा को बढ़ावा दिया, जिसमें भारत के प्रति नकारात्मकता और मुहम्मद अली जिन्ना की ‘द्वि-राष्ट्र सिद्धांत’ की नीतियों को ही अंतिम सत्य बताया गया। वहां के इतिहास की किताबों में सम्राट अशोक, अकबर, छत्रपति शिवाजी और महात्मा गांधी जैसे नायकों को संक्षेप में या नकारात्मक रूप में पेश किया गया, जबकि आक्रांताओं का महिमामंडन किया गया।
इंटरनेट और स्मार्टफोन के दौर ने इस दशकों पुराने प्रोपोगंडा की दीवार को ढहा दिया है। आज पाकिस्तान की नई पीढ़ी निष्पक्ष और वैश्विक इतिहास पढ़ रही है। उन्हें यह जानकर हैरानी हो रही है कि नेल्सन मंडेला, मार्टिन लूथर किंग, अल्बर्ट आइंस्टीन और चार्ली चैप्लिन जैसी वैश्विक हस्तियां महात्मा गांधी को अपना आदर्श मानती थीं और दुनिया भर में उनकी प्रतिमाएं लगी हैं। बुद्ध, गुरु नानक देव, महावीर, कबीर, स्वामी विवेकानंद, डॉ. भीमराव अंबेडकर और कौटिल्य जैसे भारतीय विचारकों को पूरी दुनिया सम्मान देती है, जबकि जिन्ना की स्वीकार्यता पाकिस्तान की सीमाओं के बाहर कहीं भी नहीं है।
सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों के जरिए पाकिस्तान के युवाओं ने यह भी देखा है कि भारत के लोकतंत्र में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री, न्यायाधीश, खिलाड़ी और कलाकार के रूप में शीर्ष पदों पर पहुंचते हैं। जब पाकिस्तान के पढ़े-लिखे युवा यूरोप, अमेरिका या ब्रिटेन जाते हैं, तो वे देखते हैं कि हजारों साल पुरानी सभ्यता होने के कारण भारत को वैश्विक स्तर पर कितनी प्रतिष्ठा मिलती है। यही वजह है कि आज पाकिस्तान के कई बुद्धिजीवी अपने देश की पाठ्यपुस्तकों की आलोचना कर रहे हैं और वहां की नई पीढ़ी भारतीय शिक्षकों व विचारकों को सुन-पढ़ रही है। पाकिस्तान के युवाओं में यह चर्चा आम होने लगी है कि उनके पुरखे अरब के नहीं, बल्कि इसी भारतीय उपमहाद्वीप के हैं और बंटवारा केवल कुछ नेताओं की राजनीतिक महत्वाकांक्षा का नतीजा था। खुद इमरान खान भी कई मंचों पर यह स्वीकार कर चुके हैं कि भारत यात्रा से पहले उनकी धारणा कुछ और थी, लेकिन भारत जाने के बाद उन्हें यहां की वास्तविकता का पता चला।
इसी वैचारिक जागृति का असर है कि एक समय जिस पाकिस्तानी सेना को वहां की जनता अजेय और सबसे महान मानती थी, आज उसी सेना के राजनीतिक हस्तक्षेप पर खुलकर सवाल उठ रहे हैं। इमरान खान का जेल में होना इस बात का प्रमाण है कि पाकिस्तान की सत्ता और सैन्य प्रतिष्ठान अपनी आलोचना बर्दाश्त करने की स्थिति में नहीं हैं।
इतिहास गवाह है कि राष्ट्र केवल खेतों में बाड़ लगाने या कृत्रिम लकीरें खींचने से नहीं बनते, बल्कि साझा संस्कृति, भूगोल और जनता के विश्वास से बनते हैं। इमरान खान के साथ हो रहा अमानवीय व्यवहार और शहबाज सरकार के खोखले आर्थिक दावे पाकिस्तान की जर्जर होती व्यवस्था के ताबूत में आखिरी कील साबित हो सकते हैं। जब पाकिस्तान की युवा पीढ़ी अपने ही इतिहास के झूठ को पहचान ले और व्यवस्था के खिलाफ उठ खड़ी हो, तो बदलाव को रोकना नामुमकिन हो जाता है।





