रविवार दिल्ली नेटवर्क
तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के मेडिकल कॉलेज एवम् रिसर्च सेंटर के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर से विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह के तहत एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस पर सीएमई में माइक्रोबायोलॉजी रिपोर्ट से सटीक उपचार पर जोर
मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज, दिल्ली के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की एचओडी प्रो. सोनल सक्सेना ने कहा, माइक्रोबायोलॉजी लैब रिपोर्ट केवल संक्रमण की पहचान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मरीज के लिए उचित उपचार निर्धारित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। लैब से प्राप्त सटीक एवम् विश्वसनीय साक्ष्यों का चिकित्सकीय निर्णयों में प्रभावी उपयोग एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की रोकथाम और नियंत्रण के लिए आवश्यक है। उन्होंने माइक्रोबायोलॉजी लैब की कार्यप्रणाली के तीनों महत्वपूर्ण चरणों- प्री-एनालिटिकल, एनालिटिकल एवम् पोस्ट-एनालिटिकल में होने वाली संभावित त्रुटियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया, एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस एक गंभीर वैश्विक स्वास्थ्य चुनौती है, जिसमें सूक्ष्मजीवों पर दवाइयों का प्रभाव कम होने लगता है। ऐसी स्थिति में संक्रमण का उपचार कठिन हो सकता है। उन्होंने कहा, माइक्रोबायोलॉजी रिपोर्ट के आधार पर एंटीमाइक्रोबियल दवाइयों का विवेकपूर्ण चयन, अनावश्यक एंटीबायोटिक उपयोग पर नियंत्रण और एंटीमाइक्रोबियल स्टुअर्डशिप को मजबूत बनाना समय की दरकार है। प्रो. सोनल तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के मेडिकल कॉलेज एवम् रिसर्च सेंटर के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर से विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह के तहत न्यू लेक्चर थिएटर-3 में सतत चिकित्सा शिक्षा- सीएमई में बतौर मुख्य वक्ता बोल रही थीं। बीयोंड द रिपोर्टः टर्निंग माइक्रोबायोलॉजीकल ऐविडेंस इनटु एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस एक्शन सीएमई की थीम रही।
मुख्य वक्ता प्रो. सक्सेना ने लैब से प्राप्त माइक्रोबायोलॉजीकल एविडेंस को प्रैक्टिकल इंटरवेंशन में बदलने के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने डॉक्टर्स एवम् स्टुडेंट्स को प्रेरित किया, वे जांच रिपोर्ट की सही व्याख्या करते हुए मरीज की स्थिति के अनुरूप उपचार संबंधी निर्णय लें। इससे न केवल उपचार की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि एंटीमाइक्रोबियल दवाओं के प्रभाव को लंबे समय तक बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के विरुद्ध प्रभावी लड़ाई में लैब की सटीक रिपोर्ट, मेडिकल निर्णय और एंटीमाइक्रोबियल स्टुअर्डशिप के बीच बेहतर समन्वय बेहद आवश्यक है। डॉक्टर्स की ओर से नियमित रूप से पूछे जाने वाले सामान्य प्रश्नों एवम् जांच रिपोर्ट से संबंधित व्यावहारिक समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सीएमई में मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर के प्राचार्य प्रो. एनके सिंह, मेडिकल के डीन एकेडमिक्स प्रो. एसके जैन, अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक प्रो. वीके सिंह, माइक्रोबायोलॉजी डिपार्टमेंट के एचओडी प्रो. उमर फारूक, पैथोलॉजी की एचओडी प्रो. सीमा अवस्थी, सर्जरी विभाग के एचओडी प्रो. अशोक कुमार सिंह, रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के एचओडी प्रो. मजहर मकसूद के संग-संग दीगर फैकल्टी और यूजी और पीजी स्टुडेंट्स की गरिमामयी उपस्थिति रही।





