भाजपा को सत्ता से हटाने चले, सीटों पर ही उलझे विपक्षी दल

Efforts are on to remove BJP from power, but opposition parties are in trouble over seats.

अजय कुमार

2027 की लड़ाई से पहले विपक्ष दिल्ली की बैठकों में उलझा है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस भाजपा को हराने का दावा करती हैं, पर उनकी बातचीत का केंद्र जनता, बेरोजगारी या महंगाई नहीं, सीटों की गिनती और राजनीतिक हैसियत बन गई है। जिस गठबंधन को भाजपा के लिए चुनौती बनना था, वह अभी अपने भीतर भरोसा कायम नहीं कर पा रहा। यह कमजोरी भाजपा के लिए अवसर है। सपा ने कांग्रेस के सामने 26 सीटों का प्रस्ताव रखा है। कांग्रेस की ओर से पहले 181 सीटों की मांग की खबर आई, फिर 130 और 120 सीटों के आसपास की दावेदारी सामने आई। फासला साफ है। अखिलेश का तर्क है कि सीटें जीतने की संभावना के आधार पर मिलनी चाहिए। पर जीत का पैमाना कौन तय करेगा? क्या सपा अपने उम्मीदवारों को भी इसी कसौटी पर परखेगी? कांग्रेस की हालत भी किसी भ्रम में रहने लायक नहीं। 2022 में उसने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा, सिर्फ दो जीतीं, उसका वोट प्रतिशत 2.33 रहा और 387 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हुई। ऐसे प्रदर्शन के बाद 120-130 सीटों का दावा आत्ममुग्धता लगता है। मगर 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने प्रदेश की 17 में से छह सीटें जीतीं और 9.46 प्रतिशत वोट पाए। सपा ने 62 में से 37 सीटें जीतकर 33.60 प्रतिशत मत हासिल किए। लोकसभा नतीजे विधानसभा की गारंटी नहीं, लेकिन कांग्रेस शून्य भी नहीं। दोनों दल अपने अनुकूल आंकड़े चुन रहे हैं। सपा की 26 सीटों वाली सूची में रामपुर खास और फरेंदा जैसी कांग्रेस की जीती सीटें हैं। मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर वे क्षेत्र हैं जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी। बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट भी प्रस्ताव में बताए गए हैं। कई क्षेत्रों में कांग्रेस के हजार-दो हजार वोट सपा के तर्क को बल देते हैं, पर जीत उम्मीदवार, समीकरण, संगठन और वोट हस्तांतरण से तय होगी।

अखिलेश की सबसे बड़ी राजनीतिक भूल यह हो सकती है कि वह गठबंधन को साझेदारी नहीं, अधीनता समझ बैठें। पांच प्रत्याशियों की घोषणा बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी सीटों पर बातचीत के बीच हुई। यह संगठन की तैयारी हो सकती है, लेकिन सहयोगी को भरोसे में लिए बिना घोषणा दबाव की राजनीति लगती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के दावों के बीच यह कदम और चुभता है। इमरान मसूद का आक्रोश इसी अपमानबोध से निकला है। उनका कहना है कि कांग्रेस भीख नहीं मांग रही और गठबंधन में सीटें दया से नहीं, आपसी सहयोग से तय होती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस ने सीटें मांगी ही नहीं तो 26 का आंकड़ा थोपने का अधिकार किसने दिया। सपा को समझना होगा कि सहयोगी को सार्वजनिक रूप से छोटा करने की कीमत चुकानी पड़ती है। कांग्रेस भी बताए कि कमजोर संगठन वाली सीटों पर उसका दावा किस आधार पर है। ओमप्रकाश राजभर ने इमरान के बयान पर तंज कसते हुए पूछा कि यदि कांग्रेस भीख नहीं मांग रही तो सीटों पर बातचीत के लिए कमेटी लेकर सपा के पास क्यों गई। सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने भी कांग्रेस की राजनीतिक हैसियत पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसे 50 सीटें देना भी बड़ी बात होगी। उन्होंने कांग्रेस के संगठन और उम्मीदवारों की क्षमता पर भी सवाल उठाए। ऐसे बयान बताते हैं कि भाजपा से मुकाबले की तैयारी कर रहे दोनों दलों के बीच भरोसे से ज्यादा एक-दूसरे की हैसियत नापने की होड़ लगी है।

पांच नामों की सामाजिक बनावट भी संदेश देती है। चार मुस्लिम चेहरे और एक ओबीसी महिला उम्मीदवार के जरिए सपा मुस्लिम प्रतिनिधित्व और पिछड़े वर्ग की भागीदारी का दावा मजबूत करना चाहती है। पीडीए पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक तभी चलेगा जब गैर-यादव पिछड़ों और दलितों को टिकट, संगठन और सत्ता में हिस्सेदारी मिले। मुस्लिम मतदाता भी सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार और सम्मान चाहते हैं। ओवैसी की राजनीति मुस्लिम मतों में विकल्प का सवाल उठाती है, जबकि बसपा दलित मतों पर अपनी पकड़ लौटाने की कोशिश कर सकती है। सपा का गणित इन दोनों चुनौतियों को नजरअंदाज नहीं कर सकता। 26 नवंबर को संविधान दिवस पर प्रस्तावित पीडीए प्रणपत्र सपा की दूसरी बड़ी परीक्षा है। प्रदेश, 75 जिलों और लखनऊ के लिए अलग दस्तावेज बनाने की तैयारी स्थानीय मुद्दों को जगह देने का अवसर है। महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन, स्वरोजगार के लिए दो लाख रुपये सहायता, घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और गरीबों को मुफ्त इलाज जैसे प्रस्ताव चर्चा में हैं। ये संभावित वादे हैं, अंतिम घोषणाएं नहीं। लाभार्थियों की संख्या, सालाना खर्च और धन का स्रोत बताना होगा। डॉक्टर-दवा-बिस्तर के बिना मुफ्त इलाज कागज पर रहेगा। लखनऊ में मुफ्त मेट्रो यात्रा और जाम से राहत का वादा भी तभी सार्थक होगा जब परिवहन और बुनियादी ढांचे की ठोस योजना हो।

भाजपा इस खींचतान को बैठे-बिठाए भुनाएगी। वह मुस्लिम उम्मीदवारों की सूची से ध्रुवीकरण कर गैर-यादव पिछड़ों, दलितों और लाभार्थियों में पकड़ मजबूत करेगी। उसे भी बेरोजगारी, महंगाई, किसान, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था पर जवाब देना होगा। विपक्षी बिखराव सवालों को मिटाता नहीं, उनकी आवाज दबाता है। 2017 का अनुभव दोनों दलों के सामने है। गठबंधन के बावजूद भाजपा ने 312 सीटें जीतीं, सपा 47 और कांग्रेस सात पर सिमट गई। वोट अपने आप एक-दूसरे को नहीं मिलते। 2024 का साझा प्रदर्शन उत्साह देता है, पर विधानसभा का मुकाबला अलग होगा। यदि सीटों पर सम्मानजनक समझौता हुआ, साझा उम्मीदवार और बूथ स्तर पर तालमेल बना तो लड़ाई कड़ी हो सकती है। यदि समझौता अपमान और मजबूरी में हुआ तो कार्यकर्ता भीतर से साथ नहीं देंगे। और यदि गठबंधन टूटा तो विपक्षी मतों का बंटवारा भाजपा की राह आसान करेगा। अखिलेश को तय करना है कि उन्हें कांग्रेस की जरूरत है या केवल कांग्रेस के नाम की। कांग्रेस को भी तय करना है कि वह जमीन पर ताकत बनाएगी या आंकड़ों से अपनी कीमत बढ़ाती रहेगी। अखिलेश को यह याद रखना होगा कि 2024 की सफलता में कांग्रेस के वोट और राहुल गांधी की सक्रियता का योगदान था। साझेदार की ताकत स्वीकारना कमजोरी नहीं, चुनावी समझदारी है। भाजपा को हराने के लिए अहंकार छोड़ना, ईमानदार समझौता करना और जनता को जवाब देना होगा। वरना विपक्ष हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ेगा, जबकि कारण आज की सौदेबाजी होगी।