प्रो. आरके जैन “अरिजीत”
शहर में एक नई उपलब्धि दर्ज हुई है। सड़कें चौड़ी हो गई हैं, इमारतें ऊँची हो गई हैं, बाजार जगमगा रहे हैं और विकास के विज्ञापनों में शहर की तस्वीर पहले से खूबसूरत दिखाई देने लगी है। बस एक छोटी-सी कमी रह गई है—नलों में पानी नहीं आता। नगर निगम ने शायद इसे भी विकास का हिस्सा मान लिया है। नागरिकों को अब सुबह नल खोलने के बजाय टैंकर का इंतजार करना चाहिए, बाल्टियाँ संभालनी चाहिए और गर्व करना चाहिए कि वे एक विकसित शहर में रहते हैं। विडंबना यह है कि हमने ऐसे शहर बना लिए हैं, जहाँ आलीशान मकान हैं, गाड़ियों के लिए पार्किंग है, मनोरंजन के लिए मॉल हैं, लेकिन जीवन की बुनियादी जरूरत पानी की कोई गारंटी नहीं। विकास की परिभाषा लिखने वालों से सवाल है कि क्या प्यासे नागरिक भी स्मार्ट सिटी की पहचान होते हैं?
भारत के शहरों में जल संकट अब गर्मियों की अस्थायी परेशानी नहीं, बल्कि शहरी नियोजन की गंभीर विफलता बन चुका है। बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली और हैदराबाद सहित अनेक शहर इसका सामना कर रहे हैं। कहीं भूजल स्तर गिर रहा है, कहीं जलाशय सिकुड़ रहे हैं और कहीं नदियों का पानी प्रदूषण के कारण उपयोग योग्य नहीं बचा। आबादी बढ़ने का अनुमान तो लगाया गया, लेकिन उसके अनुरूप जल संसाधनों की व्यवस्था नहीं हुई। नई कॉलोनियाँ बसाने, औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने और ऊँची इमारतें खड़ी करने में जितनी तत्परता दिखाई गई, उतनी पानी के इंतजाम में नहीं। लगता है विकास की योजनाओं में पानी को ऐसा विषय मान लिया गया है, जो उद्घाटन के बाद अपने आप उपलब्ध हो जाएगा। लेकिन प्रकृति सरकारी फाइल नहीं है कि आदेश जारी होते ही अपनी स्थिति बदल ले।
इस संकट ने पानी के इर्द-गिर्द एक नया आर्थिक वर्ग भी खड़ा कर दिया है। एक तरफ वे लोग हैं जिनके घरों में पानी की कमी का अर्थ केवल आरओ का फिल्टर बदलवाना है, दूसरी तरफ वे परिवार हैं जिनकी सुबह बाल्टियों और डिब्बों के हिसाब से शुरू होती है। किसी के बगीचे की हरियाली बचाने के लिए पानी उपलब्ध है, तो किसी के घर में पीने के पानी का इंतजाम मुश्किल है। निजी टैंकरों का कारोबार इसी असमानता का उदाहरण है। पानी अब केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, कमाई का अवसर भी बनता जा रहा है। जिसके पास पैसा है, उसके दरवाजे पर टैंकर पहुँच जाता है; जिसके पास नहीं, वह सरकारी नल की कृपा पर निर्भर रहता है। सवाल है कि जीवन की अनिवार्य जरूरत बाजार में खरीदने की क्षमता से क्यों तय होने लगी है?
शहरों की इस प्यास के पीछे विकास की हमारी समझ भी जिम्मेदार है। हमने तालाबों को अतिक्रमण के लिए खाली जमीन, नालों को कचरा फेंकने की जगह और खुले मैदानों को कंक्रीट से ढकने योग्य भूखंड समझ लिया। बारिश आती है तो शहर डूब जाते हैं और बारिश गुजरती है तो वही शहर पानी के लिए तरसते हैं। प्रकृति पानी देती है, लेकिन हमने उसके ठहरने की जगह छीन ली। कभी जिन तालाबों और बावड़ियों से शहरों की प्यास बुझती थी, उनमें से कई आज अतिक्रमण, कचरे और उपेक्षा के नीचे दबे हैं। बारिश का पानी सड़कों से बहकर नालों में चला जाता है और कुछ महीनों बाद उसी पानी के लिए टैंकरों की कतार लगती है। इससे बड़ा नियोजन संबंधी मजाक क्या होगा कि जिस शहर में पानी बरसता है, वहीं पानी की किल्लत बनी रहती है!
भूजल के साथ हमारा व्यवहार उस कर्जदार जैसा है, जो मूलधन की चिंता किए बिना लगातार उधार ले रहा हो। हर नई इमारत के साथ बोरवेल, हर नए परिसर के साथ पानी खींचने की व्यवस्था और हर संकट के साथ पहले से ज्यादा गहरा बोरवेल। जमीन के नीचे जमा पानी को हमने ऐसा संसाधन मान लिया है, जिसका कोई अंत नहीं। केंद्रीय भूजल बोर्ड के आकलन भी देश के अनेक क्षेत्रों में भूजल दोहन और पुनर्भरण के बीच गंभीर असंतुलन की ओर संकेत करते हैं। हम धरती से पानी निकालते जा रहे हैं, लेकिन उसे लौटाने की जिम्मेदारी से बचते हैं। यह कैसी विकासशील मानसिकता है, जो आने वाली पीढ़ियों के हिस्से का पानी आज ही खर्च कर रही है? शायद हम उन्हें ऐसे शहरों की विरासत देना चाहते हैं, जहाँ रहने के लिए मकान तो होंगे, मगर प्यास बुझाने के लिए पानी नहीं।
सरकारी स्तर पर जल संरक्षण के नारे, अभियान और योजनाएँ कम नहीं हैं। वर्षा जल संचयन, अमृत सरोवर, जल शक्ति अभियान और नदियों के पुनर्जीवन जैसी पहलें महत्वपूर्ण हैं। लेकिन सवाल योजनाओं की संख्या का नहीं, उनके परिणामों का है। कितने शहरों ने पुराने जलस्रोतों को अतिक्रमण से मुक्त कराया? कितनी इमारतों में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था वास्तव में काम कर रही है? कितने स्थानीय निकाय भूजल पुनर्भरण और पानी की बर्बादी रोकने की निगरानी करते हैं? केवल जागरूकता अभियान से जल संकट हल नहीं होगा। नागरिकों को जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाने वाली व्यवस्था को भी अपनी जवाबदेही तय करनी होगी। जल संरक्षण भाषणों का विषय नहीं, शासन की प्राथमिकता और प्रशासनिक ईमानदारी की कसौटी होना चाहिए।
जल संकट का प्रभाव घरों के नलों तक सीमित नहीं है। इसका सीधा असर खेती, उद्योग, रोजगार, खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य पर पड़ता है। शहरों की बढ़ती पानी की मांग आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और कृषि संसाधनों पर दबाव डालती है। उद्योगों को पानी चाहिए, किसानों को सिंचाई और अस्पतालों तथा विद्यालयों को स्वच्छ जल। जब जरूरतें बढ़ती हैं और पानी कम पड़ता है, तब सबसे कमजोर वर्ग को इसकी कीमत चुकानी पड़ती है। जलवायु परिवर्तन, अनियमित मानसून और बढ़ता तापमान इस संकट को और गंभीर बना रहे हैं। इसलिए जल प्रबंधन को केवल नगर निगम की जिम्मेदारी मानना पर्याप्त नहीं। यह राष्ट्रीय विकास नीति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक न्याय से जुड़ा प्रश्न है।
अब समय है कि विकास की सफलता मापने के पैमाने बदले जाएँ। कितने फ्लाईओवर बने, कितने मॉल खुले और कितनी ऊँची इमारतें खड़ी हुईं, इसके साथ यह भी पूछा जाए कि कितने तालाब पुनर्जीवित हुए, कितना वर्षा जल संरक्षित हुआ, भूजल स्तर में कितना सुधार आया और कितने नागरिकों को नियमित स्वच्छ पानी मिल रहा है। जलस्रोतों का संरक्षण, वर्षा जल संचयन, उपचारित पानी का पुनः उपयोग, पाइपलाइन से होने वाली बर्बादी पर रोक और भूजल पुनर्भरण शहरी नीतियों का अनिवार्य हिस्सा बनने चाहिए। नई निर्माण परियोजनाओं की अनुमति भी पानी की उपलब्धता और पर्यावरणीय क्षमता को ध्यान में रखकर दी जानी चाहिए।
आखिर किसी शहर की तरक्की उसकी इमारतों की ऊँचाई से नहीं, नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता से तय होती है। जिस शहर में प्यास बुझाने के लिए लोगों को रोज संघर्ष करना पड़े, वहाँ विकास के बड़े-बड़े दावे अपनी चमक खो देते हैं। हमें तय करना होगा कि शहर पानी की उपलब्धता के अनुसार बसेंगे या पानी को अपनी मनमानी के अनुसार चलाने की कोशिश करेंगे। क्योंकि पानी के बिना विकास का हर मॉडल अधूरा है। इतिहास शायद हमारी इमारतें याद रखे, लेकिन आने वाली पीढ़ियाँ जरूर पूछेंगी कि जब पानी बचाने का अवसर था, तब हमने तालाबों की जगह इमारतें और जलस्रोतों की जगह कंक्रीट क्यों चुना?





