वादे, उपलब्धियां और अधूरे सवाल

Promises, achievements and unanswered questions

लोकतंत्र की असली मजबूती चुनावों में नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को न्याय, समानता, स्वतंत्रता और सम्मान मिलने में है

अजय कुमार बियानी

भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के अधिकारों, आकांक्षाओं और समान अवसरों का राष्ट्रीय संकल्प है। 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकृत हुआ और 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। इन 76 वर्षों में भारत ने अनेक राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक बदलाव देखे हैं। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में भारत की पहचान बनाने में संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। लेकिन आज भी एक सवाल प्रासंगिक है कि संविधान ने जिन आदर्शों का वादा किया था, वे आम नागरिक के जीवन में कितने उतर पाए हैं?

संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता भारतीय लोकतंत्र की आत्मा हैं। इसका सबसे खूबसूरत वादा सामाजिक न्याय है। ऐसा समाज, जहां किसी व्यक्ति के साथ जाति, धर्म, भाषा, लिंग या आर्थिक स्थिति के आधार पर भेदभाव न हो और प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवन जीने तथा आगे बढ़ने का समान अवसर मिले। संविधान की वास्तविक सफलता तभी है, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक इन मूल्यों का लाभ पहुंचे।

भारतीय संविधान की सबसे बड़ी उपलब्धियों में लोकतंत्र और नियमित चुनावों की निरंतरता प्रमुख है। जनता को अपनी सरकार चुनने और आवश्यकता पड़ने पर बदलने का अधिकार मिला है। लेकिन लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है। नागरिकों को अपनी बात कहने, असहमति व्यक्त करने और शासन से सवाल पूछने की स्वतंत्रता भी मिलनी चाहिए। अभिव्यक्ति की आजादी लोकतंत्र की महत्वपूर्ण पहचान है।
आज संविधान के सामने भ्रष्टाचार, सत्ता का दुरुपयोग, भाई-भतीजावाद, जाति-धर्म के आधार पर भेदभाव और संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता जैसे प्रश्न गंभीर चुनौती हैं। जब आम नागरिक को न्याय पाने के लिए वर्षों इंतजार करना पड़े, सरकारी कामकाज में पारदर्शिता का अभाव हो और जवाबदेही कमजोर दिखाई दे, तब संवैधानिक आदर्शों और वास्तविकता के बीच अंतर स्पष्ट होता है।

मौलिक अधिकार नागरिकों को स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीने का आधार देते हैं, जबकि मौलिक कर्तव्य उन्हें राष्ट्र और समाज के प्रति जिम्मेदार बनाते हैं। अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन भी आवश्यक है। सामाजिक सद्भाव, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा, पर्यावरण संरक्षण और दूसरों के अधिकारों का सम्मान प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

संवैधानिक मूल्यों की रक्षा केवल न्यायपालिका की जिम्मेदारी नहीं है। सरकार, संसद, विधानसभाओं, न्यायपालिका और नौकरशाही सभी की अपनी महत्वपूर्ण भूमिका है। न्यायपालिका संविधान की संरक्षक और नागरिक अधिकारों की रक्षक है। वहीं विधायिका कानून बनाती है और प्रशासन उनके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी निभाता है। सभी संस्थाओं का स्वतंत्र, निष्पक्ष और जवाबदेह होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है।

बदलते समय के साथ संविधान की समीक्षा और आवश्यक संशोधनों पर विचार भी महत्वपूर्ण है। नई तकनीक, सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक परिस्थितियां नई चुनौतियां प्रस्तुत कर रही हैं। हालांकि किसी भी सुधार का उद्देश्य संविधान की मूल भावना को कमजोर करना नहीं, बल्कि उसे अधिक प्रभावी बनाना होना चाहिए।

समान नागरिक संहिता का विषय भी व्यापक सामाजिक विमर्श की मांग करता है। संविधान के अनुच्छेद 44 में इसके लिए प्रयास करने का निर्देश दिया गया है। इस विषय पर आगे बढ़ते समय विभिन्न समुदायों की भावनाओं, संवैधानिक अधिकारों और सामाजिक विविधता का सम्मान करते हुए व्यापक संवाद और आम सहमति आवश्यक है।

इसी प्रकार चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता लोकतंत्र की विश्वसनीयता का आधार है। चुनावी खर्च, धनबल और राजनीतिक जवाबदेही जैसे विषयों पर सुधार की आवश्यकता बनी हुई है। आरक्षण सामाजिक न्याय का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसका उद्देश्य ऐतिहासिक रूप से वंचित वर्गों को समान अवसर और प्रतिनिधित्व देना है। समय-समय पर इसकी समीक्षा संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि इसका लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे।

76 वर्षों बाद संविधान के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि उसके आदर्श हमारे व्यवहार का कितना हिस्सा बने हैं। क्या गरीब को समय पर न्याय मिल रहा है? क्या प्रत्येक नागरिक को समान अवसर प्राप्त हैं? क्या सरकारी व्यवस्था पारदर्शी और जवाबदेह है? इन सवालों का उत्तर ही हमारी संवैधानिक प्रगति की वास्तविक कसौटी है।

संविधान की उम्र 76 वर्ष हो सकती है, लेकिन उसके आदर्श कभी पुराने नहीं पड़ सकते। संविधान का सम्मान केवल उसकी पुस्तक के सामने सिर झुकाने में नहीं, बल्कि उसके मूल्यों को अपने व्यवहार में उतारने में है। लोकतंत्र की असली सफलता तब होगी, जब अंतिम व्यक्ति को न्याय, प्रत्येक नागरिक को सम्मान और सभी को समान अवसर मिले। यही संविधान का वादा है और यही भारत के भविष्य की दिशा होनी चाहिए।