India also eyes a place in the final with 'sixes' after defeating Malaysia.

भारत को मलयेशिया के खिलाफ अपने स्ट्रक्चर पर काबिज रहना होगा

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली :ऑलराउंडर ड्रैग फ्लिकर दीपिका सहरावत के दो हैट्रिक सहित सबसे ज्यादा आठ गोल की बदौलत राउंड रॉबिन लीग के अपने सभी पांचों मैच जीत शीर्ष पर रही भारतीय टीम अब मलयेशिया को भी शनिवार को सेमीफाइनल में हरा जीत के ‘छक्के’ के साथ मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी भोपाल 2026 के फाइनल में स्थान बनाने उतरेगी। अजेय मौजूदा और तीन बार की चैंपियन एफआईएच रैंकिंग में दुनिया की चौथे नंबर टीम भारत मौजूदा फॉर्म के आधार पर मलयेशिया के मुकाबले सेमीफाइनल में हर लिहाज बेहतर दिखाई देती है। अपने डच हॉकी उस्ताद शुएर्ड मराइन के मार्गदर्शन में 2026 का महिला नेशंस कप जीत कर आगाज करने के साथ 2026 महिला हॉकी विश्व कप में ऐतिहासिक पांचवें स्थान, 2026 में नगोया (जापान) में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय हॉकी टीम की निगाहें इस साल का समापन महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के रूप में तीसरा खिताब जीतने पर लगी हैं। बेशक भारतीय महिला हॉकी टीम के पास रिकॉर्ड चौथी बार महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी खिताब जीत नया इतिहास रखने का मौका और वह इसमें सक्षम भी दिखाई दे रही है। भारत ने इससे पहले अब 2016, 2023 और 2024 में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी खिताब जीता था। भारत की तरह दक्षिण कोरिया ने भी तीन बार अब तक खिताब जीता है लेकिन इस बार अपनी नई खिलाड़ियों के साथ उतरने के चलते वह सेमीफाइनल तक में स्थान नहीं बना पाई। मलयेशिया की टीम अपने स्ट्रक्चर पर काबिज रहने के साथ पलटवार कर गोल कर चौंकाने की क्षमता रखती है। भारत को मलयेशिया के खिलाफ अपने स्ट्रक्चर पर काबिज रह कर बस अति उत्साह से बचना होगा।

मौजूदा फॉर्म और अनुभवी ऑलराउंडर स्ट्राइकर नवनीत कौर,दीपिका सहरावत, मिडफील्डर नेहा गोयल, सुशीला चानू और नवोदित स्ट्राइकर मुमताज खान, फुलबैक ड्रैग फ्लिकर पूजा साहू के साथ कप्तान सलीमा टेटे, सुनीलिता टेटे के पूरी तरह रंग में होने के चलते मलयेशिया के लिए भारत के विजयरथ को रोकना बेहद मुश्किल होगा। भारत ने इस टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज भारत के पूर्व अंतर्राष्ट्रीय राउट आउट और कोच रहे सीआर कुमार द्वारा प्रशिक्षित मलयेशिया को पहले राउंड रॉबिन लीग मैच में पिछड़ने के बाद 4-1 से हरा कर किया था। भारतीय महिला हॉकी टीम अपनी लीग मैच की जीत को सेमीफाइनल में दोहरा कर फाइनल में पहुंचने की प्रबल दावेदार है। सबसे अहम बात यह है कि टूर्नामेंट के अब अपने आखिरी पड़ाव की ओर बढ़ने के साथ जिस तरह भारतीय महिला हॉकी टीम अपने पूरे रंग में आ गई है उसके मद्देनजर मलयेशिया को भारत को जीत के साथ फाइनल में पहुंचने के लिए चमत्कार ही करना होगा।

भारत ने राउंड रॉबिन लीग के अपने पांचों मैच जीत कर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 23 गोल किए और कुल चार गोल खाए। भारत के लिए दीपिका सहरावत ने जहां सबसे ज्यादा आठ गोल किए हैं ।वहीं नवोदित स्ट्राइकर मुमताज खान के साथ अनुभवी स्ट्राइकर ललरेमसियामी ने तीन तीन, नवनीत कौर और चीन और जापान के खिलाफ खेलने उतर कर अपने अनुभव का इस्तेमाल करने वाली नेहा गोयल के साथ ड्रैग फ्लिकर पूजा साहू ने दो दो , मिडफील्डर सुनीलिता टोपो, साक्षी राणा और ऋतुजा डडासो पिसल के एक एक गोल के रूप में नौ अलग खिलाड़ियों का गोल करना यह दर्शाता है कि भारत के पास गोल करने वाली एक नहीं बल्कि अनेक स्ट्राइकर और ड्रैग फ्लिकर हैं। नवनीत कौर ने भले ही अब तक दो गोल पेनल्टी स्ट्रोक पर किए हैं और उन्हें अभी टूर्नामेंट में अपने पहले मैदाली गोल का इंतजार है लेकिन जिस तरह उन्होंने नेहा, सुनीलिता टोपो, साक्षी राणा के साथ मिल कर जिस तरह पेनल्टी कॉर्नर बनाने के साथ मैदानी गोल करने के अभियान बनाए हैं, वह वाकई काबिलेतारीफ है।

दीपिका सहरावत निर्विवाद रूप से भारत और एशिया की नहीं बल्कि दुनिया की सर्वश्रेष्ठ ड्रैग फ्लिकर में से हैं ही और उनके साथ ही बेहतरीन स्ट्राइकर और स्कीमर होने के साथ पेनल्टी कॉर्नर अपनी दमदार हिट से गोल करने के कौशल के साथ वह टीम की सबसे अहम खिलाड़ी हैं। भारत की दीपिका सहरावत के ड्रैग फ्लिकर की धार को कुंद करने के लिए दुनिया की शीर्ष हॉकी टीमों की रशर और गोलरक्षक अब पूरी रणनीति बना कर उतर रही हैं। ऐसे में चीफ कोच शुएर्ड मराइन को दीपिका सहरावत के साथ मिलकर गोल करने की और बेहतर रणनीति बनाने की जरूरत है। खुद दीपिका सहरावत को इस बात का अहसास है और वह पेनल्टी कॉर्नर पर सीधे ड्रैग फ्लिक पर गोल करने के साथ पीछे साथी फ्लिकर पूजा साहू की ओर गेंद सरका कर इनडायरेक्ट गोल करने की कोशिश में लगी हैं। भारत की दीपिका सहरावत, नवनीत कौर, ललरेमसियामी , मुमताज खान, इशिका और साक्षी राणा ने दिखाया की उन्हें मैदानी गोल करना भी आता है। मलयेशिया के सामने भारत के लहरों की तरह हमलों के साथ उसे पेनल्टी कॉर्नर बनाने से रोकना सबसे बड़ी चुनौती होगा।

मलयेशिया गोल करने के लिए अब तक टूर्नामेंट में अब चार गोल कर चुकी स्ट्राइकर नूरमिराह जुल्फिकली और दो गोल करने वाली नूर अजहर पर निर्भर करेगा। भारत ने अब तक पांच मैचों में चार गोल खाए और यह दिखाता है कि उसकी रक्षापंक्ति में अनुभवी सुशीला चानू, पूजा साहू, ज्योति सिंह और निकी प्रधान के साथ खुद अनुभवी कप्तान मिडफील्डर सलीमा टेटे और नेहा गोयल जिस तरह पीछे आकर अपनी रक्षापंक्ति के साथ गोलरक्षक बिच्छू देवी खरीबम और बंसरी सोलंकी की मदद करती है उसके मद्देनजर मलयेशिया के लिए भारत के मजबूत किले को बिखेरना बड़ी चुनौती होगा।

महिला एशियन चंपियंस ट्रॉफी हॉकी :
शुक्रवार के मैच (पहला सेमीफाइनल: जापान वि चीन( शाम चार बजे से)। दूसरा सेमीफाइनल: भारत वि मलयेशिया(शाम सात बजे से)। r