रविवार दिल्ली नेटवर्क
देहरादून: नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गड़करी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उत्तराखंड की लगभग ₹7000 करोड़ लागत की प्रस्तावित विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर सहमति बनी।
इसके तहत पांच प्रमुख सड़क परियोजनाओं, राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्पर मार्गों के माध्यम से संपर्क विस्तार सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर सहमति बनी है। हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ-2027 की तैयारियों एवं श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के दृष्टिगत यह परियोजनाएं महत्वपूर्ण हैं। साथ ही यह प्रदेश के आधारभूत ढांचे को नई मजबूती प्रदान करते हुए सड़क संपर्क, पर्यटन, सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों तथा दूरस्थ अंचलों के विकास को भी नई गति देंगी।
बैठक के दौरान माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा भी उपस्थित रहे। विभिन्न प्रस्तावित परियोजनाओं पर सकारात्मक आश्वासन देने के लिए सीएम ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री का आभार व्यक्त किया।





