रविवार दिल्ली नेटवर्क
मोदीनगर : अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित मोदीनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित लोकार्पण समारोह उत्साह, जनसहभागिता एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के आमंत्रण पर बागपत के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का तीव्र गति से आधुनिकीकरण हो रहा है तथा अमृत भारत स्टेशन योजना यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के 261 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया तथा दो नई ट्रेनों को भी राष्ट्र को समर्पित किया।
कार्यक्रम में रुक्मिणी महिला इंटर कॉलेज एवं छाया पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
विशिष्ट अतिथि व सांसद के प्रतिनिधि के रूप में राष्ट्रीय लोकदल के जिला अध्यक्ष रामपाल चौधरी व डॉ मंजू सिवाच विधायिका, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं चेयरमैन अमरजीत सिंह बिड्डी, राष्ट्रीय लोकदल के जिला उपाध्यक्ष विनोद गौतम, राष्ट्रीय लोकदल नगर अध्यक्ष मनोज त्यागी, सीताराम सैन, मुख्य अभियंता रेलवे त्रिपाठी जी, जूनियर इंजीनियर थान सिंह, स्टेशन अधीक्षक महावीर सिंह सहित रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





