एंटी नारकोटिक्स सेल से 48.87 लाख रुपये बरामद

Anti-Narcotics Cell recovers Rs 48.87 lakh

इंद्र वशिष्ठ

सीबीआई ने दिल्ली पुलिस के द्वारका जिले के एंटी नारकोटिक्स सेल के हवलदार अजय को 2 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने एंटी नारकोटिक्स सेल के दफ़्तर से 48.87 लाख रुपये जब्त किए है। इतनी मोटी रकम की बरामदगी से तो यह साफ़ पता चलता है कि पुलिसकर्मी नशे के सौदागरों को पकड़ने की बजाए उनसे वसूली करने में लगे हुए हैं।

पुलिस में भ्रष्टाचार चरम पर है। पुलिसकर्मियों द्वारा रिश्वतखोरी, वसूली के अलावा लूटपाट करने तक के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। थानों में एसएचओ के पद पर इंस्पेक्टरों को लगाने और पद से हटाने में जमकर भेदभाव का सिलसिला जारी है। कमिश्नर और आईपीएस अफसरों के चहेते तो सालों से एसएचओ के पद पर जमे हुए है। इससे कमिश्नर सतीश गोलछा और आईपीएस अफसरों की काबलियत और भूमिका पर भी सवालिया निशान लग जाता है।

एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर सुभाष को लाइन हाज़िर कर दिया गया है। पुलिस ने शिकायतकर्ता को ड्रग्स के मामले में झूठा न फंसाने के लिए 15 लाख रुपये रिश्वत मांगी थी।

सीबीआई ने 21.04.2026 को एक शिकायत के आधार पर द्वारका की एंटी नारकोटिक्स सेल के हवलदार अजय और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। हवलदार अजय और अन्य पुलिसकर्मियों ने शिकायतकर्ता को एक मामले में झूठा न फंसाने के लिए 15 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। हवलदार अजय ने 21.04.2026 तक 5 लाख रुपये की आंशिक रकम पहुंचाने का निर्देश दिया था।सीबीआई ने 21.04.2026 को एक जाल बिछाया और हवलदार अजय को शिकायतकर्ता से कुल 15 लाख रुपये की रिश्वत में से आंशिक भुगतान के तौर पर 2 लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कार्यालय परिसर की तलाशी के दौरान 48.87 लाख रुपये की राशि जब्त की गई ।