इंद्र वशिष्ठ
सीबीआई ने सीजीएचएस, मेरठ (यूपी) की एडिशनल डायरेक्टर डाक्टर नताशा वर्मा और उसके निजी सहायक/ ड्राइवर सनी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ़्तार किया है।
सीजीएचएस मुरादाबाद में तैनात कर्मचारी तरुण का फरवरी में सीजीएचएस मेरठ से मुरादाबाद तबादला हुआ था। तरुण वापस सीजीएचएस, मेरठ आना चाहता है। तरुण ने तबादले के लिए एडिशनल डायरेक्टर डाक्टर नताशा वर्मा से मिला। एडिशनल डायरेक्टर डाक्टर नताशा वर्मा ने मुरादाबाद से मेरठ तबादले के बदले अपने निजी सहायक सनी के माध्यम से 80 हजार रुपये रिश्वत मांगी।
तरुण की शिकायत पर सीबीआई ने 30 अप्रैल को जाल बिछाया। इस जाल के दौरान निजी सहायक सनी और एडिशनल डायरेक्टर डाक्टर नताशा वर्मा शिकायतकर्ता तरुण से 50,000 रुपये रिश्वत लेने पर सहमत हो गए।इसके बाद, निजी सहायक सनी को डाक्टर नताशा वर्मा की ओर से 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। सीबीआई ने एडिशनल डायरेक्टर डाक्टर नताशा और उनके निजी सहायक सनी को गिरफ़्तार कर लिया।
पिछले साल सीबीआई ने 12 अगस्त 2025 को मेरठ में तैनात सीजीएचएस के एडिशनल डायरेक्टर डाक्टर अजय कुमार,ऑफिस सुपरिटेंडेंट लवेश सोलंकी और उनके निजी साथी रईस अहमद को 5 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। एडिशनल डायरेक्टर डाक्टर अजय कुमार ने दो निजी अस्पतालों जेएमसी मेडिसिटी और हाई फील्ड अस्पताल को सीजीएचएस की सूची से हटा देने की धमकी दे कर 50 लाख रुपये रिश्वत मांगी थी।





