दिल्ली की ब्राह्मण सभाओं के समन्वय के लिए अभियान तेज, त्रिनगर में हुई महत्वपूर्ण बैठक

Campaign to coordinate Delhi's Brahmin associations intensifies; key meeting held in Trinagar

रविवार दिल्ली नेटवर्क

नई दिल्ली : राजधानी की विभिन्न ब्राह्मण सभाओं को एक साझा मंच पर लाने और उनके बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से रविवार शाम भगवान परशुराम भवन, त्रिनगर के कॉन्फ्रेंस रूम में एक महत्वपूर्ण अनौपचारिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से आए ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों एवं वरिष्ठजनों ने भाग लिया।

बैठक में ब्राह्मण समाज के संगठनात्मक विस्तार, आपसी सहयोग और समन्वय को मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि दिल्ली के दक्षिण, पूर्व और मध्य क्षेत्रों में अलग-अलग समन्वय सभाओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि प्रत्येक क्षेत्र की ब्राह्मण संस्थाओं और समाज के प्रबुद्ध जनों को इस अभियान से जोड़ा जा सके।

बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रत्येक क्षेत्रीय समन्वय सभा के लिए केवल उसी कार्यक्रम के उद्देश्य से किसी वरिष्ठ एवं सम्मानित ब्राह्मण समाजसेवी को सभा संयोजक एवं अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर प्रभावी नेतृत्व विकसित होगा और समन्वय अभियान को गति मिलेगी।

वक्ताओं ने कहा कि ब्राह्मण समाज की विभिन्न संस्थाओं के बीच संवाद और सहयोग बढ़ाना समय की आवश्यकता है। एकजुट होकर ही समाज के हितों की रक्षा, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने समन्वय अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने तथा दिल्ली के सभी क्षेत्रों में समाज को एक सूत्र में जोड़ने का संकल्प लिया।