ओ पी उनियाल
देहरादून : ऋषिकेश में संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा चारधाम यात्रा-2026 के शुभारम्भ किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा पर जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए स्थापित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री ने देश भर से आए श्रद्धालुओं का उत्तराखण्ड में स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा-आस्था, साधना और आत्मा को जोड़ने का मार्ग है। यह यात्रा हर कठिनाई को पार करने की शक्ति देती है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि यात्रा सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य हो। चारधाम यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा के आशीर्वाद से यात्रा हर साल नया कीर्तिमान रच रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए दृढ़ संकल्पित है। वे स्वयं लगातार यात्रा की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। सरकार का लक्ष्य, हर श्रद्धालु को सुरक्षा, सम्मान और दिव्य अनुभव प्रदान कराना है। हर श्रद्धालु देवभूमि में बिताए गए पलों की स्वर्णिम स्मृतियां अपने साथ लेकर जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से धार्मिक स्थलों एवं यात्रा मार्ग में विशेष स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के कण-कण में भगवान का वास है। इस पवित्रता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑल वेदर रोड परियोजना के अंतर्गत यात्रा मार्गों को सुगम बनाया गया है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में गौरीकुंड से केदारनाथ धाम और गोविंदघाट से हेमकुंट साहिब तक के लिए रोपवे परियोजनाओं का कार्य भी आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा लाखों लोगों की आजीविका का आधार है। इसलिए यात्रा के दौरान स्थानीय उत्पादों, रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने यात्रियों से अधिक से अधिक स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने का भी आह्वान किया।





