चौधरी चरण सिंह ने किसानों, मजदूरों और ग्रामीण भारत की आवाज़ को राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में स्थापित किया – के.सी. त्यागी

Chaudhary Charan Singh placed the voice of farmers, laborers, and rural India at the center of national politics – K.C. Tyagi

दीपक कुमार त्यागी

चित्तौड़ा, गाजियाबाद : राष्ट्रीय लोकदल के सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं चेयरमैन अमरजीत सिंह बिड्डी के आवास पर राष्ट्रीय लोकदल के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद के.सी. त्यागी के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं समर्थकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न, भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, किसान मसीहा एवं स्वतंत्रता सेनानी चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर के.सी. त्यागी द्वारा माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। इसके पश्चात उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

स्वागत समारोह के भव्य कार्यक्रम में चौधरी चरण सिंह के संघर्ष और विरासत का स्मरण करते हुए अपने संबोधन में के.सी. त्यागी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसानों, मजदूरों और ग्रामीण भारत की आवाज़ को राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में स्थापित किया। उन्होंने अपने संघर्ष और सिद्धांतों के बल पर राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा को अनेक राज्यों तक पहुंचाया तथा मुख्यमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में किसानों का सम्मान बढ़ाया। उन्होंने चौधरी साहब के जीवन के अनेक प्रेरणादायी प्रसंग साझा किए, जिन्हें सुनकर उपस्थित कार्यकर्ता भावुक और गौरवान्वित हो उठे।

कार्यक्रम में उपस्थित राष्ट्रीय लोकदल विधायक दल के नेता, संसदीय बोर्ड के सदस्य एवं आश्वासन समिति के अध्यक्ष राजपाल बालियान ने कहा कि जिस संगठन की मजबूत नींव चौधरी चरण सिंह ने रखी, उसे स्वर्गीय चौधरी अजित सिंह ने नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और आज राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह उसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए किसानों, युवाओं और ग्रामीण समाज की आवाज़ को मजबूती से बुलंद कर रहे हैं।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता व जयंत चौधरी के राजनीतिक सलाहकार बीरपाल मलिक ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसानों को केवल अधिकार ही नहीं दिलाए बल्कि उन्हें संसद और सत्ता के केंद्र तक पहुंचने का मार्ग भी दिखाया। किसानों के हित में उनके योगदान के कारण ही आज पूरा देश उन्हें भारत रत्न के रूप में सम्मान देता है।

एमएलसी योगेश नौवहार ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी लोग एकजुट होकर चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व को और अधिक मजबूत बनाएं तथा चौधरी चरण सिंह के आदर्शों को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य करें।

वहीं कार्यक्रम के आयोजक एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह बिड्डी ने कहा कि जिसकी आवाज़ कहीं नहीं सुनी जाती, उसकी आवाज़ राष्ट्रीय लोकदल में सुनी जाती है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसानों को उनकी जमीन का वास्तविक मालिक बनाया और स्वर्गीय चौधरी अजित सिंह ने किसानों के हितों के विरुद्ध बनने वाले गन्ना नियंत्रण कानून को रुकवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अमरजीत सिंह बिड्डी ने कहा कि हाल के समय में भी गन्ना नियंत्रण कानून के प्रस्ताव से खांडसारी एवं गुड़ उद्योग पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने सरकार को इस कानून के दुष्प्रभावों से अवगत कराया, जिसके बाद सरकार ने प्रस्ताव वापस लिया और किसानों तथा गुड़ उद्योग से जुड़े लाखों परिवारों को राहत मिली।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य चौधरी तेजपाल सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी अजय वीर सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजय पाल सिंह, प्रदेश महासचिव रणवीर सिंह दहिया, योगेंद्र पतला सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का सफल संचालन अरुण चौधरी भुल्लन ने किया, जबकि अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रामपाल चौधरी ने की।

वहीं इस विशाल स्वागत समारोह में हजारों की संख्या में राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को आगे बढ़ाने तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती, किसान हितों की रक्षा तथा सामाजिक न्याय के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प दोहराया।