रविवार दिल्ली नेटवर्क
NDC के साथ Citizen-Determined Contributions (CDCs) को मान्यता देने की वकालत, मिशन लाइफ और भारतीय पारंपरिक ज्ञान पर दिया जोर
अंताल्या (तुर्किये) : पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भारत की नागरिक-आधारित पहल को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करते हुए पर्यावरण संरक्षण गतिविधि (PSG) की 25 सदस्यीय टीम ‘हरित भारत’ ने संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन COP31 में महत्वपूर्ण भागीदारी की। 20 नवंबर तक तुर्किये के अंताल्या में आयोजित इस सम्मेलन में टीम ने भारतीय पारंपरिक पर्यावरणीय ज्ञान, मिशन लाइफ (Lifestyle for Environment) और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से जलवायु परिवर्तन से निपटने का संदेश दिया।
सम्मेलन में PSG ने राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित जलवायु योगदान (NDCs) के साथ नागरिकों द्वारा निर्धारित योगदान (Citizen-Determined Contributions- CDCs) को भी मान्यता देने की मांग उठाई। संगठन का कहना है कि जलवायु परिवर्तन से मुकाबला केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति, परिवार और समुदाय को भी इसमें सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
COP एक्सपो सेंटर में ‘HARIT Pathways to Climate PEACE: Just Transition through Citizen-Determined Contributions (CDCs)’ विषय पर आयोजित विशेष संवाद में इस प्रस्ताव को विस्तार से प्रस्तुत किया गया। शोधकर्ता महेश कोयाना ने सत्र का संचालन करते हुए कहा कि जलवायु संबंधी प्रतिबद्धताओं को नागरिकों के दैनिक जीवन की व्यवहारिक गतिविधियों में बदलना आवश्यक है।
संवाद का शुभारंभ करते हुए विद्या भवन सोसायटी, उदयपुर एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि से जुड़े डॉ. अनिल मेहता ने कहा कि जलवायु परिवर्तन केवल पर्यावरण, वित्त या तकनीक की चुनौती नहीं है, बल्कि यह हमारी जीवनशैली, उत्पादन और उपभोग की आदतों से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जलवायु लक्ष्यों को हासिल करने के लिए नागरिकों और समुदायों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
डॉ. मेहता ने बताया कि भारत ने जून 2025 में अपनी स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता का 50 प्रतिशत हिस्सा गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से हासिल कर लिया था, जो निर्धारित लक्ष्य से पांच वर्ष पहले की उपलब्धि है। उन्होंने मिशन लाइफ के माध्यम से ऊर्जा एवं जल संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक में कमी, कचरे का पृथक्करण, पुनः उपयोग, पर्यावरण अनुकूल परिवहन, पौधारोपण और जिम्मेदार उपभोग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
उन्होंने इन स्वैच्छिक और मापनीय पर्यावरणीय प्रयासों को ‘सिटीजन डिटरमाइंड कंट्रीब्यूशंस’ (CDCs) बताते हुए कहा कि इन्हें राष्ट्रीय जलवायु लक्ष्यों के पूरक ढांचे के रूप में अपनाया जाना चाहिए।
PSG के HARIT (Holistic Actions for Revitalizing Indigenous Traditions) विजन को प्रस्तुत करते हुए उन्होंने कहा कि न्यायसंगत परिवर्तन (Just Transition) का अर्थ केवल जीवाश्म ईंधन से नवीकरणीय ऊर्जा की ओर बढ़ना नहीं है, बल्कि जीवनशैली और प्रकृति के प्रति मानव के दृष्टिकोण में बदलाव भी जरूरी है। उन्होंने अत्यधिक उपभोग के स्थान पर संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग और फेंकने की संस्कृति के स्थान पर सर्कुलर बायो-इकोनॉमी को अपनाने की आवश्यकता बताई।
भारतीय दर्शन के सिद्धांत ‘तेन त्यक्तेन भुञ्जीथा’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्रकृति के संसाधनों का मर्यादित और जिम्मेदार उपयोग करने का संदेश दिया। साथ ही ‘शाश्वतता’ की अवधारणा के माध्यम से प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवनशैली अपनाने पर बल दिया।
पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के संदीप बलियान ने भारत की पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों और सामुदायिक संरक्षण प्रयासों को रेखांकित किया। उन्होंने PSG के 3P दृष्टिकोण और ‘हरित घर अभियान’ का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत प्रत्येक घर और परिवार से होनी चाहिए।
आईआईटी मद्रास के डॉ. शिवा नागेंद्र एस.एम. ने जीवनशैली में बदलाव के साथ तकनीकी नवाचार की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। भारतीय सामाजिक उत्तरदायित्व नेटवर्क के संतोष गुप्ता ने पवित्र उपवनों, वर्षा जल संचयन, जोहड़, बावड़ियों, सामुदायिक वनों और जैविक खेती जैसी भारतीय परंपराओं का उल्लेख किया। उन्होंने माता अमृता देवी बिश्नोई के पर्यावरण संरक्षण संबंधी योगदान को भी याद किया।
स्पिरिचुअल साइंस रिसर्च फाउंडेशन के सियोन क्लार्क ने पर्यावरण संकट से निपटने में आंतरिक परिवर्तन और जिम्मेदार व्यवहार की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं, बैलेरीना मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट ट्रस्ट के राजवर्धन जोशी ने जलवायु नीति निर्माण, संस्थागत नेतृत्व और जमीनी स्तर पर युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता बताई। संवाद में युवा प्रतिभागियों अरहम बारडिया, समुद्रा नश्कर, आस्था बाफना, विवेक कुमार और इलेना ने भी हिस्सा लिया।
गौरतलब है कि COP31 में संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन फ्रेमवर्क कन्वेंशन (UNFCCC) से जुड़े 197 पक्षों के प्रतिनिधियों, नेताओं, मंत्रियों, वैज्ञानिकों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों, कारोबार जगत, युवाओं और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में जलवायु शमन, अनुकूलन, जलवायु वित्त, तकनीक हस्तांतरण और न्यायसंगत परिवर्तन जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
टीम ‘हरित भारत’ की इस भागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण गतिविधि ने भारतीय पारंपरिक ज्ञान, आधुनिक विज्ञान, नागरिक सहभागिता और सरकारी नीतियों के बीच समन्वय स्थापित करने का संदेश दिया। संगठन ने जलवायु संरक्षण को वैश्विक सम्मेलनों तक सीमित न रखकर प्रत्येक घर और समुदाय तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।





