धामी ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक की

Dhami held a review meeting regarding the arrangements for the Chardham Yatra

रविवार दिल्ली नेटवर्क

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक की। जिसमें उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित करने हेतु एसओपी तैयार करने एवं रात्रि 10 बजे से सुबह 4 बजे तक यात्रा मार्गों पर वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि यात्रा मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन केवल रात्रि में ही किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं और आगे भी इनकी संख्या तेजी से बढ़ेगी। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है बल्कि, स्थानीय लोगों का व्यापार भी बढ़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थलों पर श्रद्धालुओं को रोका या ठहराया जा रहा है वहां मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था हो। अधिकारियों को मानसून के दृष्टिगत यात्रा मार्ग पर संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की 24×7 निगरानी करने, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस एवं प्रशासन की समन्वित तैनाती करने, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, मेडिकल सुविधाओं और आपदा राहत संसाधनों को पूर्णतः सक्रिय रखने के निर्देश दिए।